बिहार: गंगा स्नान करने जा रहे लोगों को टैंकर ने कुचला, चार लोगों की मौत, 15 घायल
सिवान जिले के जीरादेई के पास अहले सुबह हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छह लोगों की हालत नाजुक है।
सिवान [जेएनएन]। सीवान जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 लोग घायल हो गए हैं। घटना सिवान-मैरवा मुख्य मार्ग पर जीरादेई के समीप की है जहां गंगा स्नान करने जा रहे लोगों को एक टैंकर ने कुचल डाला जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 15 अन्य घायल हैं।
सभी मृतक और घायल गोपालगंज जिले के अलग अलग गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि सभी एक ही पिकअप वैन पर सवार होकर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दरौली घाट नहाने जा रहे थे कि ये दुर्घटना घटी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया है। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने सड़क दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सभी लोग गुरु पूर्णिमा पर पिकअप से दरौली घाट पर गंगा स्नान करने जा रहे थे। इस दौरान जीरादेई मोड़ के पास कुछ लोग पिकअप से उतर कर शौच करने लगे। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार टैंकर ने लोगों को कुचल दिया। इस दुर्घटना में एक महिला सहित चार लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सीवान एएसपी कांटेश कुमार मिश्र और एसडीओ अमन समीर अस्पताल पहुंच गए। कहा जा रहा है कि घायलों में से आधा दर्जन लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें इलाज़ के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।