Takht ShriHarimandir: गुरुनानक देव की 551 वीं जयंती पर प्रभातफेरी पहुंची हांडी साहिब
राज करेगा खालसा आकी रहे कोय के नारों से गूंजता रहा गुरु की नगरी 27 नवंबर को गुरु के बाग में रखा जाएगा तीन दिवसीय अखंड पाठ 29 को गुरु का बाग से निकलेगा नगर कीर्तन मुख्य समारोह 30 नवंबर को
पटना सिटी, जेएनएन। सिख पंथ के प्रथम गुरु नानक देव जी महाराज (Guru Nanak Dev) की 551 वीं जयंती को ले बुधवार की सुबह पांच बजे तख्त श्री हरिमंदिर साहिब (Takht Shri Harimandri Sahib) परिसर से निकली प्रभात फेरी गायघाट होते दानापुर स्थित हांडी साहिब गुरुद्वारा (Handi Sahib Gurudvara) पहुंची। गायघाट व दानापुर में पंच-प्यारे का स्वागत किया गया। प्रभात फेरी में शामिल सिख श्रद्धालु कथा-प्रवचन श्रवण किया।
शबद कीर्तन करते चल रहे थे प्रभातफेरी में शामिल महिला-पुरुष और बच्चे
प्रभात फेरी में शामिल महिलाएं, बच्चे-बच्चियां एवं पुरुष शबद कीर्तन करते चल रहे थे। राज करेगा खालसा, आकी रहे ना कोय के नारों से तख्त साहिब के आसपास का इलाका गूंज रहा था। प्रभात फेरी का संचालन संयोजक तेजिंदर सिंह तथा इंद्रजीत सिंह बग्गा ने किया।
गुरुवार को अशोक राजपथ होते हुए गुरु का बाग तक जाएगी प्रभातफेरी
प्रबंधक सरदार दलजीत सिंह ने बताया कि गुरुवार को प्रात: तख्त साहिब से निकलने वाली प्रभात फेरी अशोक राजपथ मार्ग होते गुरु का बाग जाएगी और वहां से दर्शन कर वापस तख्त साहिब लौटेगी। शुक्रवार की भोर तख्त साहिब से निकलने वाली प्रभातफेरी अशोक राजपथ होते सोनार टोली गुरुद्वारा का दर्शन कर तख्त साहिब लौटेगी। शनिवार को तख्त श्री हरिमंदिर साहिब से निकली बड़ी प्रभात फेरी अशोक राजपथ, चमडोरिया, पूरब दरवाजा, मोर्चा रोड, पटना साहिब स्टेशन, चौकशिकारपुर, श्री गुरु गोविंद सिंह पथ, चौक होते तख्त श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचेगी। प्रभात फेरी में शामिल महिला-पुरुष, युवा विभिन्न मोहल्लों में शबद कीर्तन करते चलेंगे।
30 नवंबर को तख्त श्री हरिमंदिर में मनाया जाएगा प्रकाशोत्सव
गुरुनानक देव जयंती का मुख्य समारोह 30 नवंबर को तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मनाया जाएगा। 27 नवंबर को गुरुनानक देव की जयंती को लेकर गुरु के बाग में त्रिदिवसीय अखंड पाठ रखा जाएगा। वहीं 29 नवंबर को अखंड पाठ की समाप्ति के बाद दोपहर दो बजे गुरु का बाग से निकलेगा नगर कीर्तन।