सुशील मोदी ने केंद्र सरकार का किया गुणगान, कहा- कोरोना संकट में बिहार को मिली 11744 करोड़ की मदद
बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने केंद्र सरकार का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट में बिहार को केंद्र ने 11744 करोड़ रुपये की मदद दी है।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने केंद्र सरकार का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट में बिहार को केंद्र ने 11744 करोड़ रुपये की मदद दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के दौरान केंद्र सरकार ने खाद्यान्न व नगद के रूप में बिहार के गरीबों को 11,744 करोड़ की मदद की है, जिनमें 5719 करोड़ डीबीटी के जरिए सीधे उनके खाते में और 6024 करोड़ मूल्य के खाद्यान्न का वितरण किया गया है। उन्होंने सवाल दागा कि राजद-कांग्रेस बताएं कि क्या उनके शासन काल में बाढ़ और सुखाड़ जैसी आपदाओं के समय भी बिहार के पीडि़तों को मदद की जाती थी? क्या लाखों पीडि़तों को बाढ़ खत्म होने के महीनों बाद तक कुछ किलो अनाज के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता था?
उन्होंने कहा है कि बिहार में पहली बार किसी सरकार ने 8 करोड़ 71 लाख गरीबों को तीन महीने तक प्रति महीने प्रति व्यक्ति 5-5 किलो चावल उपलब्ध कराया। इस 15 किलो चावल का बाजार मूल्य 28 से 30 रुपये प्रति किलो है। इसके अलावा 1.67 करोड़ परिवारों को प्रति परिवार 1-1 किलो यानी 3 किलो अरहर दाल जिसका बाजार मूल्य 120 रुपये प्रति किलो हैं का मुफ्त में वितरण किया है। वितरित चावल और दाल की कुल कीमत करीब 6024 करोड़ रुपये है।
उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि अब केंद्र सरकार ने 86 लाख 40 हजार बिना राशनकार्ड वाले व प्रवासी श्रमिक बंधुओं को भी 325 करोड़ का अगले दो महीने तक प्रति व्यक्ति 5-5 किलो की दर से 10 किलो अनाज देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा प्रवासी मजदूरों के प्रति परिवार को दो महीने तक एक-एक किलो यानी दो-दो किलो चना भी दिया जाएगा। गरीबों के एक परिवार में अगर 5-7 सदस्य हैं तो वे 5 किलो प्रति व्यक्ति की दर से एक-एक बोरा चावल मुफ्त में अपने घर ले जा रहे हैं।