राज्य ब्यूरो, पटना। राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार ने भले ही तेजस्वी यादव को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया है, लेकिन उन्हें न उनकी पार्टी स्वीकार करेगी और न बिहार की जनता लालू-राबड़ी के उस डरावने दौर में लौटना चाहेगी।

भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा कि लोग उस दौर को आज भी नहीं भूले हैं, जब हत्या, दुष्कर्म, फिरौती के लिए अपहरण और लूटपाट की घटनाएं आम हुआ करती थीं, लेकिन विकास ठप था। बाजार शाम को ही अपराधियों के डर से बंद हो जाया करते थे।

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को देखते ही लोगों को वह दौर याद आ जाता है कि जब सड़कें जर्जर थीं, गांव लालटेन युग के अंधेरे में थे और शहरों को बमुश्किल 10 घंटे बिजली मिलती थी। मोदी ने कहा कि जनता ने लालू-राबड़ी परिवार और नीतीश कुमार को 15-15 साल देकर देख लिया है। अब 2025 में या जब भी विधानसभा के चुनाव होंगे, जनता भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार को एक मौका अवश्य देगी। अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा।

बिहार में प्रशासनिक अराजकता : विजय सिन्हा

विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजय सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षा और अहंकार की वजह से बिहार में राजनीतिक अस्थिरता और प्रशासनिक अराजकता व्याप्त है। जनादेश के साथ अब सीएम नीतीश कुमार जनता का भी अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार को भ्रष्टाचारियों के हवाले करने के लिए बेचैन हैं। मुख्यमंत्री जी किसी दूसरे दल के नेता को आपके द्वारा उत्तराधिकारी घोषित कर देने से बिहार की जनता उसे स्वीकार नहीं कर लेगी। जब तक आप सत्ता में हैं, अधिकारी आपके गुलाम हो सकते हैं, बिहार की जनता नहीं। अगर आपको अपनी नेतृत्व क्षमता पर इतना ही गुमान है तो आपको तुरंत इस्तीफा देकर नया जनादेश लेना चाहिए।

Edited By: Yogesh Sahu