सुशील मोदी का तंज: बौखलाई हुई हैं राबड़ी देवी, कहा- मेरी संपत्ति अवैध हुई तो लालू फैमिली को कर दूंगा दान
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आरोप पर करारा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मैं नार्को टेस्ट के लिए तैयार हूं।
पटना, जेएनएन। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आरोप पर करारा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मैं नार्को टेस्ट के लिए तैयार हूं। यदि मेरी एक भी संपत्ति अवैध हुई तो मैं अपनी सारी संपत्ति लालू फैमिली को दान कर दूंगा। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी बाैखलाई हुई हैं। उन्होंने फिर कहा कि लालू फैमिली में कोई ऐसा व्यक्ति नहीं, जिनके नाम पर अवैध या बेनामी संपत्ति नहीं हो।
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा था कि सुशील मोदी के पास अवैध संपत्ति है। उनकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। राबड़ी ने यह भी कहा था कि सुशील मोदी का नार्को टेस्ट कराया जाए। इसी पर गुरुवार को सुशील मोदी पलटवार कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि राबड़ी देवी कोर्ट से इजाजत लेकर आएं, तो मैं नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी पारिवारिक लड़ाई-झगड़ा के कारण इस तरह का आरोप लगा रही हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि मेरे बेटे के नाम पर कोई मॉल बन रहा है, यदि यह साबित हुआ तो मैं उसे राबड़ी देवी के नाम कर दूंगा। मेरी संपत्ति अवैध हुई तो मैं अपनी सारी संपत्ति लालू फैमिली को दे दूंगा।