रिया से परेशान होकर मुंबई छोड़ना चाहते थे सुशांत
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले की जांच करने मुंबई गई पटना पुलिस की चार सदस्यीय टीम लौट गई है
पटना। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले की जांच करने मुंबई गई पटना पुलिस की चार सदस्यीय टीम गुरुवार को वापस पटना लौट आई। पटना पुलिस नौ दिनों में जुटाये गये सबूतों की मोटी फाइल भी साथ लेकर फ्लाइट से लौटी। हालांकि बाद में भेजे गए सिटी एसपी विनय तिवारी अभी भी मुंबई में ही फंसे हैं, जहां उन्हें बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने क्वारंटाइन कर रखा है।
टीम में शामिल पुलिस अधिकारियों ने लौटते ही सबसे पहले सेंट्रल आइजी संजय सिंह से मुलाकात की। इस दौरान एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। आइजी ने केस की समीक्षा की। पता चला कि सुशांत, रिया से बहुत परेशान थे। वह मुंबई छोड़ना चाहते थे और हिमाचल प्रदेश जाने की तैयारी कर रहे थे। पटना पुलिस के पास ऐसे कई सबूत हैं, जिससे चौंकाने वाली चीजें सामने आ सकती हैं। पड़ताल को सही दिशा में ले जाने पर मुंबई पुलिस की जांच का सच भी बेनकाब हो जाएगा।
नवंबर महीने से ही परेशान थे सुशांत
सूत्रों की मानें तो रिया की वजह से परेशान सुशांत इसी साल जनवरी में चंडीगढ़ गए थे। अपनी बहन के पास 20 से 24 जनवरी तक रहे। पटना पुलिस को इस बात की जानकारी सुशांत की कॉल डिटेल खंगालने के बाद हुई। इस बीच रिया ने पांच दिन में करीब 25 बार सुशांत को कॉल की थी। वह लगातार सुशांत के मुंबई लौटने के लिए दबाव बना रही थी। पटना पुलिस की जांच में इस बात के सबूत भी हाथ लगे हैं, जिनसे पता चला कि सुशांत ने पिछले साल नवंबर माह में भी अपने परिवार से मदद मांगी थी। उन्होंने नये नंबर से कॉल कर खुद को बचा लेने की गुहार स्वजनों से लगाई थी।