Sushant Singh Rajput Death Case: एक और खाते की मिली जानकारी, ज्वाइंट अकाउंट में रिया का नाम
मुंबई पहुंची पटना पुलिस को सुशांत के एक और अकाउंट के बारे में जानकारी मिली है। बताया जाता है कि लॉकडाउन के दौरान इस खाते से काफी पैसे निकाले गए हैं।
पटना, ,जेएनएन। सुशांत सिंह राजपूत मामले में बिहार पुलिस की कोशिश रंग लाते हुए दिख रही है। मुंबई पहुंची पटना पुलिस को सुशांत के एक और अकाउंट के बारे में जानकारी मिली है। यह ज्वाइंट अकाउंट है, जिसमें सुशांत के साथ रिया चक्रवर्ती भी साइनिंग अथॉरिटी हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुशांत के अकाउंट्स से ज्यादातर ट्रांजेक्शन लॉकडाउन के दौरान हुआ है। लॉकडाउन के दौरान अकाउंट से काफी पैसे निकाले गए हैं। पैसे किसने और क्यों निकाले? अभी ये साफ नहीं हो पाया है। फिलहाल इस खाते पर अभी जांच चल रही है।
सुशांत ने बंद कर दी थी डॉक्टर की सलाह मानना
सूत्रों की मानें तो पटना पुलिस ने सुशांत सिंह के डॉक्टर केसरी चावड़ा का भी बयान लिया। डॉक्टर के मुताबिक नवंबर 2019 से वो सुशांत सिंह का इलाज कर रहे थे। डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि फरवरी के आखिरी हफ़्तों से सुशांत न रेगुलर दवा ले रहे थे न सही तरीके से खाना खा रहे थे। डॉक्टर केसरी चावड़ा ने बताया कि उनकी सलाह को भी सुशांत ने धीरे-धीरे अनसुना करना शुरू कर दिया था।
डीजीपी ने कई बिंदुओं पर जांच का दिया आदेश
सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड करने का मामला बढ़ता जा रहा है। बिहार पुलिस के हस्तक्षेप से नई उम्मीद जगी है। इस बीच शुक्रवार को सुशांत मामले को लेकर बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने पुलिस मुख्यालय में अहम बैठक की। बैठक में आइजी पटना रेंज के साथ पटना के एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में डीजीपी ने एसएसपी से मामले को लेकर फीडबैक लिया। पटना पुलिस के द्वारा अबतक की गई जांच के बारे में पूरी जानकारी ली। आगे किस तरह काम करना है? इसको लेकर डीजीपी ने एसएसपी को कई अहम निर्देश दिए हैं। कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए डीजीपी ने एसएसपी को कई अन्य बिंदुओं पर जांच करने को कहा है।