खिली तीखी धूप, पारा आया दो डिग्री नीचे, पर हवा ने बढ़ाई पटना में कनकनी
पटना में रोज मौसम में उतार-च़ढ़ाव हो रहा है। धूप निकल रही है पर तेज हवा से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पटना, जेएनएन। राजधानी सहित आसपास के इलाके में मंगलवार को कनकनी का अहसास किया गया। हवा में नमी की मात्र अधिक होने के कारण सुबह ठंड रही। धूप निकली पर सुबह से ही तेज हवा भी चलती रही। मंगलवार को पटना का पारा 8.5 न्यूनतम पर पहुंच गया। इसी तरह अधिकतम में 23.4 रहा। इसी तरह गया का न्यूनतम तापमान 6.7तो अधिकतम 21.6 रहा। मौसम विभाग के अनुसार 30 जनवरी तक प्रदेश में आंशिक रूप से कोहरा छाया रहेगा।
इधर, सोमवार की सुबह पटना और आसपास के इलाके की हवा में नमी की मात्र 82 फीसद रहने के कारण कनकनी का अहसास किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रहा। गया का न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री और अधिकतम 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
भागलपुर का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री और अधिकतम 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री और अधिकतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 30 जनवरी तक पटना सहित पूरे प्रदेश में आंशिक रूप से कोहरा छाया रहेगा। मंगलवार को तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक कमी के आसार हैं।