अचानक पाइप से पेट्रोलियम पदार्थ रिसने की मिली सूचना और डिब्बा-बर्तन ले पहुंच गए ग्रामीण Patna News
राजधानी में सोमवार की रात अचानक इंडियन आयल कॉरपोरेशन (आइओसी) पाइप से पेट्रोलियम पदार्थ रिसने लगा। इससे मंगलवार की सुबह तेल लूटने की होड़ मच गई।
पटना, जेएनएन। राजधानी में सोमवार की रात अचानक इंडियन आयल कॉरपोरेशन (आइओसी) पाइप से पेट्रोलियम पदार्थ रिसने की सूचना क्या मिली ग्रामीण तेल लूटने दौड़ पड़े। डिब्बा, बर्तन, बोतल, गिलास जिसको जो मिला वो लेकर भागता हुआ तेल लेने पहुंच गया। अथमलगोला थाना के हासनचक गांव के पास हुई। पाइप सोमवार की देर रात फटा था पर लूट मंगलवार की सुबह मची। इस बीच सूचना पर पहुंची अथमलगोला थाने की पुलिस ने लोगों को खदेड़ कर भगाया। घटना के बाद आइओसी कर्मी जांच में जुट गए हैं।
सोमवार की देर रात हुआ रिसाव
मिली जानकारी के अनुसार इंडियन आयल कॉरपोरेशन (आइओसी) की बरौनी-कानपुर पाइप लाइन में सोमवार की रात छेद हो गया। इससे पेट्रोलियम पदार्थ का रिसाव होने लगा। कुछ ही देर बाद रिसाव काफी तेज हो गया। मंगलवार की सुबह सूचना हवा की तरह फैल गई। जानकारी पाते हुए लोग डिब्बा, बर्तन, बोतल, गिलास लेकर पेट्रोलियम पदार्थ लेने दौड़ पड़े।
पुलिस ने लोगों को खदेड़ा
रिसाव के दौरान जिसे जो मिला उसमें तेल लेकर जाने लगा। इसी बीच पुलिस को तेल चोरी की सूचना मिल गई। जानकारी पर पहुुंच पुलिस ने लोगों को खदेड़ कर वहां से हटाया। जिस वक्त अथमलगोला की पुलिस पहुंची लोग बर्तनों में तेल इकट्ढा कर रहे थे।
जांच के लिए पहुंची पुलिस
पुलिस कर्मियों कोे देखते ही लोग वहां से भाग खड़े हुए। कुछ लोगों का कहना है कि तेल चोरी के लिए पाइप में छेद गिया गया। जो बाद में काफी बड़ा हो गया। घटना की जांच पड़ताल पुलिस एवं आइओसी बरौनी के कर्मी करने में जुटे हैं।