दूसरे राज्यों में क्वारंटाइन की आशंका से अचानक वापस होने लगे विमान टिकट, पटनावासियों को राहत
यात्रियों के दूसरे राज्यों में उतरने पर क्वारंटाइन को लेकर स्पष्ट निर्देश नहीं दिए जाने से भ्रम की स्थिति में विमानों का टिकट वापस होने लगा है।
पटना, जेएनएन। केंद्र सरकार की ओर से देश में उड़ानें शुरू करने की घोषणा के बाद सोमवार से एयरलाइंस अपनी सेवाएं शुरू कर देंगी। विमानों के शुरू करने की घोषणा तो कर दी गई, परंतु यात्रियों के दूसरे राज्यों में उतरने पर क्वारंटाइन को लेकर स्पष्ट निर्देश नहीं दिए जाने से भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कई राज्यों ने विमान से उतरने वाले यात्रियों को होटल क्वारंटाइन करने का निर्णय लिया है जिसका खर्च यात्रियों को ही वहन करना होगा। इस कारण बड़ी संख्या में यात्रियों ने टिकट कैंसिल कराने शुरू कर दिए हैं। विमान कंपनियां कैंसिल कराए गए टिकटों का ब्योरा नहीं दे रही हैं।
कैसे सहेंगे इतना बोझ
अनुमान लगाया गया है कि होटल क्वारंटाइन होने पर चौदह दिनों में एक-एक यात्री को 40-50 हजार तक अतिरिक्त खर्च करना पड़ेगा। लॉकडाउन के कारण विमानों का किराया दोगुना बढ़ गया है। नतीजतन पंजाब, जम्मू, झारखंड व छत्तीसगढ़ आदि राज्यों में जाने वाले यात्री टिकटों की वापसी कराने में लगे हैं। मुंबई को लेकर भी भ्रम की स्थिति है। हालांकि बिहार में ऐसा कुछ नहीं है।
पटना उतरने पर कोई दिक्कत नहीं
पटना जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि विमानों से आने वाले यात्रियों को क्वारंटाइन नहीं किया जाएगा। डीएम ने कहा कि सभी लोगों को लॉकडाउन के नियम का पालन करना होगा। यात्रियों को शपथ पत्र भरकर देना होगा कि वे न तो कोरोना से कभी संक्रमित रहे और न ही अभी सक्रमित हैं। पटना से मुंबई व रायपुर जाने वाले यात्रियों ने बताया कि गृह मंत्रालय को इसपर हस्तक्षेप करना चाहिए। टिकट बुकिंग के समय इस तरह की शर्त नहीं रखी गई थी। हम लोगों ने आने-जाने का एक साथ टिकट बुक करा लिया है। अब वहां होटल क्वारंटाइन की बात की जा रही है। टिकट वापसी पर विमान कंपनी कोई राशि भी नहीं दे रही है।
बोलीं विमान कंपनी की अधिकारी
इंडिगो की दिल्ली स्थित वरिष्ठ अधिकारी छवि लेखा ने बताया कि कुछ शहरों में होटल क्वारंटाइन किए जाने की सूचना मिल रही है। इस कारण कई यात्रियों ने अपनी बुकिंग वापस कराई है। केंद्र को विमान परिचालन शुरू करने के पहले ही इसे स्पष्ट कर देना चाहिए था।