अनंत सिंह की ही तरह लल्लू मुखिया को भी तलाशती रही पुलिस, कोर्ट में किया सरेंडर
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के करीबी लल्लू मुखिया ने उन्हीं की तरह पुलिस को चकमा देकर आज सुबह बाढ़ कोर्ट में सरेंडकर कर दिया। पुलिस को लल्लू मुखिया की तलाश थी।
पटना, जेएनएन। बाहुबली मोकामा विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) के करीबी लल्लू मुखिया (Lallu Mukhiya) ने बाढ़ कोर्ट में सरेंडर (Surrender) कर दिया है। लल्लू मुखिया एक दर्जन से अधिक संगीन मामलों का आरोपी है और पुलिस भोला सिंह की हत्या की साजिश रचने वाले ऑडियो के वायरल होने के बाद उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
बता दें कि पुलिस लल्लू मुखिया के घर की तीन दिनों तक कुर्की की थी। इधर, अनंत सिंह के सरेंडर करने से पहले बाढ़ कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी कर दी गई थी कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता था। अनंत सिंह के दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर करने के बाद आज सुबह लल्लू मुखिया ने बाढ़ कोर्ट में सरेंडर कर दिया और पुलिस को इसकी भी भनक तक नहीं लगी।
बता दें कि कुछ दिन पहले एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें अनंत सिंह से लल्लू मुखिया की बातचीत रिकॉर्ड थी और इसी मामले में अनंत सिंह को पुलिस की तलाश थी। अब लल्लू मुखिया के सरेंडर के साथ ही पुलिस अनंत सिंह के साथ ही उसे भी रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
पुलिस ने जारी किया था वारंट
हत्या की साजिश का अॉडियो वायरल मामले में लल्लू मुखिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने वारंट भी जारी किया था, लेकिन लल्लू मुखिया पुलिस के हाथ नहीं लग सका और चुपके से सरेंडर कर दिया। इसी मामले में लल्लू मुखिया के भाई रणवीर यादव ने पहले ही बाढ़ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।