चेहरे पर चमक-आंखों में काला चश्मा, छाती ताने बेऊर जेल से कोर्ट पहुंचे अनंत सिंह
बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह अपने पुराने अन्दाज में ही बेऊर जेल से बाढ़ कोर्ट लाए गए जहां उनकी पेशी हुई। कैदी वाहन से उतरते हुए वो फिर से पुराने स्टाइल में दिखे।
पटना, जेएनएन। बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) को बेऊर जेल (Beur Jail) से निकालकर पटना पुलिस (Patna Police) ने बाढ़ कोर्ट में पेश किया। जेल से कोर्ट जाने के दौरान बाहुबली अनंत सिंह (Anant Singh) अपने पुराने अन्दाज में दिखे। वही काला चश्मा, सफेद कुर्ता पायजामे में अनंत सिंह की हनक दिखी। अनंत सिंह अपने पुराने स्टाइल में ही कैदी वाहन से नीचे उतरे। कोर्ट के बाहर उनके समर्थकों की काफी भीड़ लगी रही।
बता दें कि अनंत सिंह के पैतृक आवास से एके 47 रायफल बरामदगी मामले में उन्हें पुलिस ने दो दिन की रिमांड पर लिया है और आज उन्हें कोर्ट में हाजिर किया गया। पेशी के बाद उन्हें बेऊर जेल वापस भेज दिया गया है। अब उनकी अगली पेशी की तारीख 13 सितंबर को तय की गई है।
जानकारी के मुताबिक आज उन्हें रिमांड पर लिया जाना था। लेकिन बाढ़ पुलिस अब उन्हें शनिवार को रिमांड पर ले सकती है। बताया जा रहा है कि रिमांड पर लेने के बाद बाढ़ अनुमंडल की एडिशनल एसपी लिपि सिंह (ASP Lipi Singh) उनसे एके 47 बरामदगी मामले में पूछताछ करेंगी। इसके लिए प्रश्न तैयार कर लिए गए हैं।बाढ़ कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि रिमांड के दौरान 24 घंटे में विधायक अपने वकील से एक बार भेंट कर सकते हैं।