'बुलेट पेन' दिखा रही सिस्टम से धोखा खाए बिहारी लड़के की कहानी, नजर आ रहे सासाराम के मनोज
वेब सीरीज बुलेट पेन में बिहार के मनोज कुमार राव मुख्य भूमिका में हैं जो खुद भी सासाराम चेनारी थाना के नरौरा गांव के निवासी हैं। फिल्म की कहानी सिस्टम की नाकामी से धोखा खाए एक लड़के की है।
जागरण टीम, पटना। ओटीटी प्लेटफार्म एमएक्स प्लयेर पर हाल ही में रिलीज वेब सीरीज 'बुलेट पेन' को सराहा जा रहा है। इसकी कहानी बिहार के सासाराम जिले की है। वेब सीरीज में मनोज कुमार राव मुख्य भूमिका में हैं, जो खुद भी सासाराम चेनारी थाना के नरौरा गांव के निवासी हैं। फिल्म की कहानी सिस्टम की नाकामी से धोखा खाए एक लड़के की है। जो थकहारकर खुद बंदूक उठाने पर मजबूर हो जाता है। वेब सीरीज 'बुलेट पेन' के दूसरे पार्ट की भी तैयारी शुरू हो चुकी है। इसके अलावा मनोज एक बायोपिक में भी नजर आने वाले हैें।
मनोज को फिल्मों से लगाव गांव में होने वाले नाटक में अभिनय के दौरान हुआ। इसके बाद उन्होंने अपना करियर अभिनेता के रूप में बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। कलाकार बनने के लक्ष्य को लिए मनोज पढ़ाई के लिए पटना आए और टीपीएस कालेज में दाखिला लिया, लेकिन अभिनय के जुनून में ग्रेजुएशन के दूसरे वर्ष ही वे मुंबई चले गए। मनोज ने करियर की शुरुआत शार्ट फिल्मों से की। उनकी पहली फीचर फिल्म 'मृदंग' थी, जिसे रितेश एस कुमार ने निर्देशित किया था। इससे पहले मनोज शार्ट फिल्म 'फन्दी' कर चुके थे। इस फिल्म को नैनीताल फिल्म फेस्टिवल में सम्मानित किया गया था।