डाक विभाग की सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा पटना
राजधानी के आर. ब्लॉक स्थित डाक मनोरंजन केन्द्र का नाम सोमवार से बदल गया है।
पटना। राजधानी के आर. ब्लॉक स्थित डाक मनोरंजन केन्द्र का नाम सोमवार से बदल गया है। केन्द्रीय डाक व दूरसंचार राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार मनोज सिन्हा ने सोमवार को इस मनोरंजन केन्द्र का नाम पं. मदन मोहन मालवीय मनोरंजन केन्द्र कर दिया है। मालवीय के नाम पर बिहार में यह पहला संस्थान है। कार्यक्रम के दौरान मालवीयजी की एक प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय के नाम से बने इस सांस्कृतिक केन्द्र को विभाग की ओर से भरपूर आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसे देश के महत्वपूर्ण संस्थानों में एक बनाया जाएगा। यहां से सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित होंगी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पं. मदन मोहन मालवीय का शिक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान रहा है। उनके द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए कार्यो को हमेशा याद रखा जाएगा। काशी विश्वविद्यालय की स्थापना कर उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में मिल का पत्थर स्थापित किया था। आज भी काशी विश्वविद्यालय को काफी प्रतिष्ठित संस्थान के रूप में जाना जाता है। श्री मालवीय की कीर्ति का बखान करने के लिए समय की कमी पड़ जाएगी। शिक्षा के क्षेत्र ही नहीं स्वतंत्रता आंदोलन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक का किया बखान : इस मौके पर उन्होंने इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी की ही देन है कि आज गांव के कोने-कोने में रहने वाले वंचित तबकों का बैंक में अपना खाता खुल गया है। सरकारी योजनाओं की राशि अब सीधे गरीब के बैंक खाते में पहुंचने लगी है। उन्होंने डाक विभाग द्वारा पोस्टल बीमा शुरू किए जाने की चर्चा की। इस मौके पर पंडित मदन मोहन मालवीय पर विशेष आवरण जारी किया। इस मौके पर सीपीएमजी एम ई हक, पीएमजी अनिल कुमार एवं निदेशक मुख्यालय मनोज कुमार के साथ ही कई अन्य प्रमुख लोगों ने भी डाक विभाग की उपलब्धियों की चर्चा की।