श्री बाबू के सपने को साकार करने में जुटी सरकार : ललन सिंह
सूबे के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने विकास के जिस मॉडल का जो सपना देखा था वह पूरा नहीं हो सका।
मोकामा। सूबे के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने विकास के जिस मॉडल का जो सपना देखा था वह पूरा नहीं हो सका। एनडीए सरकार उस अधूरे सपने को पूरा करने में जी-जान से लगी है। सरकार के मुखिया नीतीश कुमार विकास के सात निश्चय के माध्यम से हर घर में विकास की रोशनी पहुंचाने में दिन-रात लगे हैं।
श्री बाबू टाल के किसानों को खुशहाल देखना चाहते थे। मुख्यमंत्री भी मास्टर प्लान के तहत टाल के जल प्रबंधन को मूर्त रूप देने के प्रति गंभीर हैं। इसके 2020 तक पूरा हो जाने पर जमीन दो फसली हो जाएगी। हर किसान के घर में खुशहाली दिखने लगेगी। ये बातें शनिवार को श्रीकृष्ण विचार मंच द्वारा आयोजित मराची उच्च विद्यालय में सभा को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहीं। मंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों को खुद की गारंटी पर क्रेडिट कार्ड दे रही है। इसमें सरकार गारंटर भी है और फाइनेंसर भी। बैंकों का चक्कर लगाने की कोई आवश्यकता नहीं रहेगी। सभा से पहले मंत्री ने उच्च विद्यालय में स्थापित डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उच्च विद्यालय से लेकर मध्य विद्यालय तक के मार्ग में मंत्री का गाजे-बाजे, हाथी- घोड़े, पुष्प वर्षा, जयकारे, स्वागत गान आदि से ग्रामीणों ने गर्म जोशी से स्वागत को ऐतिहासिक बनाने का प्रयास किया। कार्यक्रम का संचालन मंच के संयोजक सह युवा जदयू के प्रदेश महासचिव पवन कुमार ने किया। इसकी अध्यक्षता मो. नूर जमा खान ने की। सभा को विधान पार्षद नीरज कुमार, युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा, जिला अध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी, भाजपा अध्यक्ष रौशन भारद्वाज, पूर्व मुखिया केदार प्रसाद सिंह, अशोक कुमार, संजय कुमार समेत अन्य ने आगत अतिथियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।