रोज-रोज बेसन का चीला खाकर हैं बोर? बनाएं मसालेदार बेसन की पतोड़ी, स्वाद में है एकदम अलग
पटना की अनामिका शर्मा ने बेसन की पतोड़ी बनाने की विधि साझा की है, जो बेसन के गाढ़े घोल को पकाकर, तलकर और मसालेदार ग्रेवी में तैयार की जाती है।

बेसन की पतोड़ी का विधि बतातीं अनामिका शर्मा।
HighLights
बेसन के गाढ़े घोल को पकाकर जमाया जाता है, फिर तला जाता है।
मनपसंद आकार में काटकर, तलने के बाद मसालेदार ग्रेवी में पकाया जाता है।
कम सामग्री में बनने वाला स्वादिष्ट और घर पर आसानी से तैयार व्यंजन।
सोनाली दुबे, पटना। घरों में बेसन से कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं। इन्हीं में से एक है बेसन की पतोड़ी, जिसमें बेसन के गाढ़े घोल को पकाकर जमाया जाता है।
इसे मनपसंद आकार में काटकर तलने के बाद मसालेदार ग्रेवी में पकाया जाता है। कम सामग्री में बनने वाला यह व्यंजन खाने में काफी स्वादिष्ट लगता है।
पटना के जमाल रोड निवासी अनामिका शर्मा ने बेसन की पतोड़ी की विधि साझा करते हुए बताया कि यह स्वादिष्ट होने के साथ घर पर आसानी से तैयार होने वाला व्यंजन है।
इसे अपने स्वाद के अनुसार मसालेदार बनाया जा सकता है और गरमागरम परोसने पर इसका स्वाद और बढ़ जाता है।
ऐसे बनाएं बेसन की पतोड़ी
बेसन का गाढ़ा घोल तैयार कर इसमें हल्दी, नमक, थोड़ी लाल मिर्च, बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं। पैन में सरसों तेल गर्म कर घोल डालें और गाढ़ा होने तक पकाएं।
तेल लगी थाली में इसे फैलाकर ठंडा होने दें। जमने के बाद मनपसंद आकार में काटकर तेल में तल लें। ग्रेवी के लिए तेल में जीरे का तड़का लगाकर प्याज भूनें।
हरी मिर्च और धनिया पत्ता से लजीज होगा स्वाद
अदरक-लहसुन व हरी मिर्च का पेस्ट डालें। फिर हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च डालकर भूनें। टमाटर और पिसी सरसों डालकर तेल अलग होने तक पकाएं।
पानी डालकर उबाल आने दें। अंत में तले हुए बेसन के टुकड़े डालकर कुछ देर पकाएं। यह तैयार हो जाएगा। इसके बाद इसे हरे धनिये से सजाकर परोसें। इसे खाने वाले मेहमान काफी पसंद करेंगे।
