विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेल यात्रियों को मिलेगा साफ पानी, सोनपुर मंडल में 9 नए RCC टैंकों के निर्माण को मंजूरी 

Published: Sat, 26 Sep 2026 08:28 PM (IST)

सोनपुर मंडल में यात्रियों और रेलकर्मियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने हेतु पानी की गुणवत्ता सुधारने के प्रयास तेज किए गए हैं।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. सोनपुर मंडल में पानी की गुणवत्ता सुधारने की कवायद तेज।

  2. कई स्टेशनों पर आयरन रिमूवल प्लांट लगाने की मंजूरी मिली।

  3. मंडल में 9 नए आरसीसी टैंकों का निर्माण होगा।

जागरण संवाददाता, पटना। सोनपुर मंडल में यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी की गुणवत्ता सुधारने की कवायद तेज कर दी गई है।

मानसी, खगड़िया, नवगछिया, गढ़हरा, बेगूसराय और बरौनी समेत कई स्टेशनों पर आयरन रिमूवल प्लांट लगाने की मंजूरी दी गई है।

वहीं, पानी की उपलब्धता और भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए मंडल में 9 नए आरसीसी टैंकों के निर्माण को भी स्वीकृति मिली है। हाजीपुर में 2.5 लाख गैलन क्षमता का एक नया आरसीसी टैंक बनाया जाएगा।

सोनपुर, थाना बिहपुर, गढ़हरा कालोनी और गढ़हरा स्टोर डिपो में एक-एक लाख गैलन क्षमता के चार टैंक बनेंगे। इसके अलावा सोनपुर, दीघवारा, बछवारा और दलसिंहसराय में 50-50 हजार गैलन क्षमता के चार टैंकों का निर्माण होगा।

पानी में आयरन की समस्या वाले क्षेत्रों में ट्रीटमेंट की सुविधा बढ़ाई जा रही है। थाना बिहपुर स्टेशन पर आयरन रिमूवल प्लांट पहले से चालू है। हाजीपुर और गढ़हरा में आटोमैटिक क्लोरीनीकरण प्लांट भी काम कर रहे हैं।

अन्य स्थानों पर भी क्लोरीनीकरण की व्यवस्था विकसित करने की योजना है। मंडल में पानी की गुणवत्ता की जांच केवल टंकी तक सीमित नहीं रहेगी। पानी के स्रोत से लेकर नल तक गुणवत्ता का आकलन किया जा रहा है।

जहां फिल्ट्रेशन या अतिरिक्त ट्रीटमेंट की जरूरत है, वहां उसकी पहचान कर व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसी अभियान के तहत पानी के स्टोरेज टैंकों की सफाई और डिसइंफेक्शन भी कराया जा रहा है।

20 अगस्त से चल रहे विशेष अभियान में मंडल के 3363 ओवरहेड, अंडरग्राउंड और पीवीसी टैंकों में से अब तक 1953 की सफाई व डिसइंफेक्शन हो चुका है। शेष टैंकों की सफाई का काम तेजी से पूरा कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- पटना में 4 दिनों की बारिश से सड़कें बनी तालाब: गड्ढे में फंसी कारें, राहगीरों को घर से निकलने में परेशानी