बिहार चुनाव : नमो को जवाब देने मैदान में आएंगी सोनिया
विधानसभा चुनाव में भाजपा को जोरदार जवाब देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (नमो) के सामने कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को खड़ा करने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक, सोनिया तकरीबन सात चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी।
पटना। विधानसभा चुनाव में भाजपा को जोरदार जवाब देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (नमो) के सामने कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को खड़ा करने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक, सोनिया तकरीबन सात चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी।
इस कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिए भी चुनावी सभाओं की योजना बनाई जा रही है। संभावना है राहुल भी छह चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव को अपने पक्ष में मोडऩे के लिए भाजपा प्रधानमंत्री की मदद ले रही है।
नमो को जवाब देने के लिए महागठबंधन में राजद से खुद लालू प्रसाद और जदयू से नीतीश कुमार जैसे नेता हैं, लेकिन बिहार कांग्रेस में उस स्तर का कोई प्रभावी राजनेता नहीं। इसी कारण प्रदेश कांग्रेस ने बिहार में सोनिया और राहुल से मदद मांगी है। दोनों दिग्गजों ने अपनी सहमति भी दे दी है।
सोनिया अपना चुनावी अभियान आठ अक्टूबर को भागलपुर से शुरू करेंगी। इसके आगे के कार्यक्रम कांग्रेस मुख्यालय द्वारा अभी प्रदेश कांग्रेस को मुहैया नहीं कराए गए हैं। संभावना व्यक्त की गई है कि पहले चरण के चुनाव के बाद अगले चार चरणों में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सोनिया जाएंगी और महागठबंधन के साथ ही कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगी।