Bihar Politics: सुशील मोदी का तंज- सोनिया गांधी से लालू-नीतीश की मात्र 20 मिनट हुई बातचीत
विपक्षी एकता को मजबूत करने की मुहिम में लगे नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद यादव के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात की थी। इस भेंट के बाद भाजपा ने कटाक्ष करना शुरू किया है। सुशील मोदी ने लालू-नीतीश पर तंज कसा है।
जागरण टीम, पटना। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और मुख्यमंत्री नीतीश का ऐसा तिरस्कार किया कि इन दोनों को राष्ट्रीय राजनीति में अपनी औकात समझ में आ गई होगी। झेंप मिटाने के लिए लालू-नीतीश ने हवा में उठे हाथ मिलाते हुए अपनी तस्वीर जारी की। मोदी ने कहा कि सोनिया गांधी ने दोनों को मात्र 20 मिनट में निपटा कर कमरे से बाहर कर दिया, न इनके साथ फोटो खिंचवाई, न इन्हें दरवाजे तक आकर विदा करने लायक समझा।
कांग्रेस को नीतीश की विपक्ष जोड़ो यात्रा बिल्कुल पसंद नहीं
मोदी ने कहा कि एक राज्य के वर्तमान और पूर्व मुख्यमंत्री के साथ ऐसी बेरुखी जाहिर करती है कि कांग्रेस को नीतीश कुमार और उनकी विपक्ष जोड़ो यात्रा बिल्कुल पसंद नहीं। मोदी ने कहा कि यदि कांग्रेस नीतीश कुमार की लाइन का समर्थन करती, तो पार्टी राहुल गांधी को प्रोजेक्ट करने वाली भारत जोड़ो यात्रा क्यों जारी रखती।
17 शीर्ष नेताओं में केवल पांच ही हुए शामिल
सुशील कुमार मोदी ने कहा हरियाणा के फतेहाबाद की विपक्षी एकता रैली में आमंत्रित 17 शीर्ष नेताओं में से केवल पांच का शामिल होना और सोनिया के दरवाजे पर लालू-नीतीश का तिरस्कृत होना इस बात का संकेत है कि 2024 के संसदीय चुनाव में ढेर सारे पीएम मैटेरियल का क्या हस्र होने वाला है।
दिल्ली में लालू-नीतीश ने की थी सोनिया से भेंट
गौरतलब हो कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के साथ सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात की थी। कांग्रेस अध्यक्ष से हुई भेंट को लालू-नीतीश ने शिष्टाचार मुलाकात बताया। भेंट के बाद मीडिया से बात करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि हमें भाजपा को हराना और देश को बचाना है। इसके लिए हम सभी को साथ आना होगा।