रितिक की फिल्म 'सुपर 30' में 'शोले' का पंच, अंग्रेजी का डर निकालता 'बसंती नो डांस' गाना
बिहार के गणितज्ञ आनंद कुमार की जिंदगी पर रितिक रोशन की बायोपिक 12 जुलाई को रिलीज हो रही है। इसके पहले फिल्म का एक गाना बसंती नो डांस रिलीज हुआ है।
पटना [जेएनएन]। गरीब बच्चों की मेधा को तराश कर उन्हें आइआइटी में दाखिला दिलाने की मुहिम चला रहे बिहार के कोचिंग संस्थान 'सुपर 30' के संचालक गणितज्ञ आजंद कुमार पर बायोपिक 'सुपर 30' 12 जुलाई को रिलीज हो रही है। इस फिल्म का एक ट्रेलर रिलीज हुआ है। इसके पहले फिल्म का गाना 'बसंती नो डांस' भी रिलीज हुआ है। होली के मौके पर बना यह गाना 'होली गीत' जैसा नहीं, बल्कि भारत में अंग्रेजी के ज्ञान के अभाव में होने वाली परेशानियों का उजागर करता है। फिल्म के 'जुगराफिया' और 'पैसा' के बाद यह तीसरा गाना है, जो रिलीज हुआ है।
रितिक रोशन और उनके स्टूडेंट्स पर फिल्माए इस गाने को फिल्म 'शोले' के मशहूर डायलॉग 'बसंती इन कुत्तों के सामने मत नाचना' को दिलचस्प अंदाज में पिरोया गया है। गणितज्ञ आनंद की भूमिका निभाते रितिक रोशन गुरू बने हैं। वे इस गाने में अपने स्टूडेंट्स के अंदर से अंग्रेजी को लेकर डर निकाल रहे हैं। खास बात यह भी है कि अपने गानों में डांस के लिए मशहूर ऋतिक इस गाने में केवल एक बार हाथ हिलाते नज़र आते हैं। गाने में अभिनेता अमित साध भी हैं।
भाषा के आधार पर भेदभाव पर तंज
यह गाना भाषा के आधार पर भेदभाव पर तंज कसता है। यह गाना इस धारणा पर चोट करता है कि अंग्रेजी बोलने वाले हिंदी बोलने वालों से बेहतर होते हैं।
रितिक रोशन ने इस गाने को अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा है, 'अंग्रेजी का डर हटाओ। क्यूँकि ऐसे बहुत से दरवाजे हैं दुनिया में जो सिर्फ इसीलिए नहीं खुलते क्यूँकि लोग 'May I come in' नहीं कह पाते।'
ट्रेलर किया ट्वीट, कही ये बात
इसके बाद अब रितिक ने फिल्म का एक ट्रेलर भी ट्वीट किया है। इसमें गरीब मेधावी बच्चों की पढ़ने की ललक दिखाई गई है। फिल्म में आनंद बने रितिक बच्चों को प्राेत्साहित करते हुए कहते हैं कि समय आएगा तो सबसे बड़ी छलांग वे ही मारेंगे। अपने ट्वीट में रितिक कहते हैं कि सभी सुपर हीरो टोपी नहीं पहनते। सोच से देश का निर्माण होता है और लोग उसे साकार करते हैं।
आनंद की जिंदगी पर आधारित है फिल्म
विदित हो कि यह फिल्म गणितज्ञ आनंद कुमार की जिंदगी पर आधारित है, जो पटना में आइआइटी की तैयारी करने वाले छात्रों को मुफ्त में कोचिंग देते हैं। इसमें रितिक ने आनंद की भूमिका निभाई है। फिल्म में मृणाल ठाकुर, नंदीश सिंह, पंकज त्रिपाठी व अमित साध भी हैं।