विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोशल मीडिया पर छाया 80 का दशक: रोहणी के पति लगने लगे जैकी श्रॉफ, हीरो दिखने के लिए निशांत को मिली गजब सलाह

Published: Thu, 10 Sep 2026 09:52 PM (IST)

तकनीक के आधुनिक दौर में 80 के दशक का रेट्रो लुक इंटरनेट मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है, ...और पढ़ें

80 के दौर का रेट्रो लुक हर किसी के सिर चढ़कर बोल रहा है

 80 के दौर का रेट्रो लुक हर किसी के सिर चढ़कर बोल रहा है

HighLights

  1. एआई और विंटेज फिल्टर्स से 80 के दशक का रेट्रो लुक छाया।

  2. इंस्टाग्राम के 'ऐड योरस' फीचर ने ट्रेंड को दी नई रफ्तार।

  3. युवा पीढ़ी और बुजुर्ग दोनों पुरानी यादों को कर रहे ताजा।

ज्योति सिंह, पटना। तकनीक के आधुनिक दौर में बीते जमाने का जादू एक बार फिर जीवंत हो उठा है। इंटरनेट मीडिया पर 80 के दौर का रेट्रो लुक हर किसी के सिर चढ़कर बोल रहा है। अत्याधुनिक कैमरों से खींची गई अपनी ताजा तस्वीरों को लोग कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) और विंटेज फिल्टर्स की मदद से चार दशक पुराने सांचे में ढाल रहे हैं।

बेलबाटम पैंट, बड़े फ्रेम वाले चश्मे और उस दौर के हेयरस्टाइल में सजी ये तस्वीरें खूब पसंद की जा रही हैं। युवा पीढ़ी जहां उस दौर के अनूठे अंदाज को अपनाकर रोमांचित है, वहीं बुजुर्गों के लिए यह पुरानी स्मृतियों को दोबारा जीने का जरिया बन गया है।

80

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ ट्रेंड, तेजी से बढ़ी रफ्तार

80 वाले ट्रेंड की शुरुआत अगस्त के अंतिम सप्ताह में इंस्टाग्राम से हुई। करीब एक सप्ताह बाद छह सितंबर को ट्रेंड ने तेजी से रफ्तार पकड़ी।

इंस्टाग्राम के 'ऐड योरस' फीचर ने भी इसे आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई, जहां एक तस्वीर देखकर दूसरे यूजर उसी अंदाज में अपनी तस्वीर साझा करने लगे।

ट्रेंड की सबसे दिलचस्प बात है—तस्वीर आज की है, लेकिन अंदाज चार दशक पुराना। तकनीक नई है, मगर आकर्षण पुराने दौर का। सोशल मीडिया पर लोग सिर्फ अपनी तस्वीरें साझा नहीं कर रहे, बल्कि एक-दूसरे को उसी दौर में देखने की कोशिश भी कर रहे हैं।

3

माता-पिता की तस्वीरों से जुड़ीं नई यादें

युवा अपनी इन एआइ निर्मित तस्वीरों को माता-पिता की 80 के दशक की असली पुरानी तस्वीरों के साथ जोड़कर साझा कर रहे हैं, जिससे यह ट्रेंड केवल स्टाइल न रहकर पारिवारिक स्मृतियों से भी जुड़ गया।

तस्वीरों में उस दौर के कपड़े, हेयर स्टाइल, चश्में, बैकग्राउंड और फिल्म कैमरे जैसी तस्वीर की गुणवत्ता दिखाई दे रही है। इस ट्रेंड की खासियत यह है कि इसमें उम्र की कोई सीमा नहीं है।

युवा जहां 80 के फैशन और विंटेज लुक को आजमा रहे हैं, वहीं 40 और 50 की उम्र के लोग इसे अपने बचपन और पुराने दिनों की यादों से जोड़ रहे हैं। कई लोग अपनी आज की तस्वीर के साथ उसका रेट्रो वर्जन साझा कर रहे हैं।

2

सरावगी जी, आप तो देवानंद लग रहे...

खादी, कुर्ते-पायजामे और सादगी भरे लिबास में नजर आने वाले राज्य के मंत्रियों और नेताओं पर अब पिछली सदी के आठवें दशक (80) का एंग्री यंग मैन और बॉलीवुड हीरो बनने का शौक चढ़ गया है।

नेता आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए अपनी तस्वीरों को परिवर्तित कर इंस्टाग्राम, फेसबुक एवं वाट्सएप स्टोरी पर साझा कर रहे हैं।

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने पुरानी कार के साथ अपनी तस्वीर साझा की। मुकेश कुमार ने लिखा, देवानंद लग रहे हैं भाई।

4

निशांत को मिली सलाह, थोड़ा बाल बढ़ा लें

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने गुरुवार को पुराने दौर की एक तस्वीर साझा की। फोटो की यूजर से खूब सराहना मिली। एक्सप्लोर नाम के एक अकाउंट से निशांत के लिए संदेश आया कि थोड़ा बाल भी बढ़ा लेते तो और शानदार तस्वीर लगती।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और अनुराग ठाकुर ने भी 80 के दशक वाले एआइ लुक में तस्वीरें साझा कीं। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपनी वास्तविक 80 की फोटो साझा कर इस ट्रेंड को अलग रंग दिया।

1

रोहिणी के पति में दिखा जैकी श्राफ का अंदाज

राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य भी ट्रेंड में शामिल हुईं। गुरुवार को उन्होंने फेसबुक पर अपने पति के साथ दो तस्वीरें साझा कीं।

उनके फोटो पर काफी लोगों ने प्रतिक्रिया दी। अमरेंद्र ने लिखा, जीजा जी तो जैकी श्राफ टाइप दिख रहे हैं। अली अख्तर ने लिखा, 80 के दौर में पुराने जमाने की सादगी, अंदाज और रुतबा देखते बनता है।