पंजाब से पैदल बिहार लौट रहे छह मजदूरों को यूपी में बस ने कुचला, समस्तीपुर में भी दो की मौत
पंजाब से पैदल चलकर बिहार के गोपालगंज आ रहे छह मजदूरों को यूपी में बस ने कुचल दिया तो वहीं समस्तीपुर में सड़क हादसे में भी दो मजदूरों की जान चली गई। इस तरह आठ मजदूरों की मौत हो गई।
पटना, जेएनएन। पंजाब से बिहार के गोपालगंज अपने घर पैदल वापस लौट रहे छह मजदूरों को रास्ते में एक बस ने कुचल डाला। उन सबकी दर्दनाक मौत हो गई। तो वहीं समस्तीपुर में भी सड़क हादसे में दो मजदूरों की आज जान चली गई है। इस तरह पिछले चौबीस घंटे में आठ मजदूरों की मौत हो गई है।
यूपी के मुजफ्फरनगर सड़क हादसे में फुलवरिया थाना क्षेत्र के दुलारपुर गांव निवासी हरेश सहनी तथा इनके पुत्र विकास सहनी की मौत हुई है। इस हादसे में हरेश सहनी के पुत्र आकाश सहनी वहीं इसी गांव के निवासी पहवारी सहनी, इनके पुत्र प्रमोद सहनी तथा विपिन सहनी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे में मारे गए पिता पुत्र तथा सभी घायल हरियाणा के यमुनानगर में एक प्लाईवुड कंपनी में काम करते थे। मंगलवार को ये लोग पैदल अपने घर आने के लिए निकले थे। बुधवार की रात मुजफ्फरनगर में यूपी रोडवेज की बस की चपेट में में लोग आ गए। इस हादसे में भोरे के भी दो लोगों के मरने की बात बताई जा रही है पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक यूपी में हुए सड़क हादसे के मृतक मजदूर पंजाब के अंबाला से गोपालगंज लौट रहे थे कि यूपी के मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में कई अन्य मजदूर घायल हैं जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पंजाब से पैदल ही बिहार के गोपालगंज वापस लौट रहे छह मजदूरों को बुधवार देर रात मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर घलौली चेकपोस्ट से आगे रोहाना टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचल दिया, जिससे 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया और घायल मजदूरों को जिला अस्पताल लाकर भर्ती करवाय है। पुलिस के अनुसार मृतक मजदूर बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले हैं, जो पंजाब से पैदल ही वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि हादसा रोडवेज बस से हुआ है। हादसे के बाद बस ड्राइवर फरार है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार रात 11:45 बजे हुआ। यह हादसा रोडवेज की बस से हुआ और वह आगरा के ताज डिपो की है। गोपालगंज में पता किया जा रहा है कि मजदूर किस प्रखंड या गांव के रहनेवाले थे।
समस्तीपुर में दो प्रवासी मजदूरों की सड़क हादसे में मौत
बिहार के समस्तीपुर जिले में NH- 28 पर प्रवासी मजदूरों से भरी एक बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस भीषण हादसे में बस चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई है वहीं 7 से अधिक लोग घायल हैं जिसमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए समस्तीपुर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।