विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में दो बहनों के साथ हैवानियत, बड़ी की पीट-पीटकर हत्या और छोटी गंभीर; आरोपी फरार

Published: Tue, 06 Oct 2026 03:11 PM (IST)

पटना के भुसौला दानापुर में दो सगी बहनों पर ससुराल में जानलेवा हमला हुआ। बड़ी बहन रूपा कुमारी की पीट-पीटकर ...और पढ़ें

पटना में दो बहनों के साथ हैवानियत (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

पटना में दो बहनों के साथ हैवानियत (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. भुसौला दानापुर में दो बहनों पर ससुराल में हमला।

  2. बड़ी बहन रूपा कुमारी की पीट-पीटकर हत्या।

  3. छोटी बहन रिंकी कुमारी गंभीर रूप से घायल, आरोपी फरार।

संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ। महुआ बाग की दो सगी बहनों के लिए सोमवार का दिन जिंदगी का सबसे भयावह दिन बन गया। भुसौला दानापुर के पोखर मोहल्ला स्थित ससुराल में दोनों बहनों के साथ मारपीट की सूचना पर जब मायके वाले पहुंचे तो घर के अंदर बड़ी बहन रूपा कुमारी का शव पड़ा था, जबकि छोटी बहन रिंकी कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हालत में मिली। 

रिंकी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दोनों बहनों को बेरहमी से पीटने और रूपा की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गये।

12 साल पहले हुई थी शादी

रूपा की शादी करीब 12 वर्ष पहले भुसौला दानापुर निवासी दीपू चौधरी से हुई थी। वहीं छोटी बहन रिंकी की शादी करीब छह वर्ष पहले दीपू के भाई सूरज चौधरी से हुई थी। दोनों बहनें शादी के बाद एक ही परिवार में रह रही थीं।

सोमवार को मायके वालों को सूचना मिली कि दोनों बहनों के साथ ससुराल में मारपीट हो रही है। खबर मिलते ही परिजन भागे-भागे वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर रूपा का शव घर में मिला। रिंकी के शरीर पर भी चोट के कई निशान मिले। मायके वालों और पुलिस ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है।

बच्चों के सामने उजड़ गया घर

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गयी। मायके की महिलाएं रूपा का नाम लेकर दहाड़ मारकर रोती रहीं। वहीं घर के छोटे-छोटे बच्चे मां और परिजनों को रोते देखकर सहम गये। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि कुछ देर पहले तक परिवार की जिस बेटी से मिलने की उम्मीद थी, अब उसका शव घर लौटेगा। पुलिस ने बच्चों से भी घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया है।

सूरज, सुजीत समेत अन्य पर मारपीट का आरोप

मायके वालों ने आरोप लगाया कि रूपा और रिंकी के साथ सूरज, उसके भाई सुजीत, सास समेत परिवार के अन्य लोगों ने मारपीट की। इसी दौरान रूपा की मौत हो गयी। हालांकि मारपीट की वास्तविक वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घर के अंदर और आसपास से साक्ष्य जुटाये। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और चोटों की प्रकृति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

रूपा के शरीर पर चोट के निशान 

थानाध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि महुआ बाग से मायके वालों ने सूचना दी थी कि भुसौला दानापुर में उनकी दोनों बेटियों के साथ मारपीट हो रही है। पुलिस मौके पर पहुंची तो रूपा कुमारी का शव मिला, जबकि रिंकी घायल अवस्था में मिली। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। रूपा के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था और मारपीट कब शुरू हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फरार ससुराल पक्ष के लोगों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- पटना में पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए पुनपुन नदी में कूदे 60 लोग, डूबने से दो लोगों की मौत