साली पर आया जीजा का दिल, शादी से इन्कार करने पर मार दी गोली- आरोपित गिरफ्तार
बिहार की राजधानी में साली द्वारा शादी से इन्कार करने पर गुस्से में आकर जीजा ने उसे गोली मार दी। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पटना, जेएनएन। जीजा-साली के रिश्ते को तार-तार करने वाला एक मामला प्रखंड के शाहजपुर थाना क्षेत्र के सिगरियावा गाव से प्रकाश में आया है। साली द्वारा शादी से इन्कार करने पर गुस्से में आकर जीजा ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही युवती जमीन पर गिर पड़ी। आननफानन में युवती को इलाज के लिए फतुहा अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया जहा उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
एक साल पहले पत्नी की हो गई थी मौत
ग्रामीणों ने बताया कि जिले के शाहजपुर थाना क्षेत्र के सिगरियावा गाव निवासी कोमल यादव की शादी डुमरी गाव निवासी बच्चू यादव की बड़ी पुत्री के साथ करीब दस वर्ष पूर्व हुई थी। एक वर्ष पूर्व यानी वर्ष 2019 को कोमल यादव की पत्नी की बीमारी से मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद कोमल यादव अपनी छोटी साली सुगनी कुमारी पर जबरन शादी के लिए दबाव बना रहा था लेकिन वह इस शादी के लिए तैयार नहीं थी। कोमल यादव घटना के एक दिन पूर्व यानी गुरुवार को अपनी ससुराल डुमरी आया था।
जीजा से शादी को तैयार नहीं थी साली
ससुराल आने के बाद वह लगातार अपनी साली से शादी के लिए दबाव बना रहा था लेकिन किसी भी कीमत पर वह जीजा के साथ शादी के लिए तैयार नहीं थी। शुक्रवार की सुबह भी वह साली पर शादी के लिए दबाव बना रहा था लेकिन जब उसने इन्कार कर दिया तब गुस्से में आकर कोमल यादव ने अपनी कमर से पिस्तौल निकाली और पीछे से साली की पीठ में गोली मार दी। गोली लगते ही सुगनी कुमारी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और कोमल यादव को पकड़ लिया।
आरोपित को किया गिरफ्तार
पिस्तौल जब्त कर फतुहा पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके से पुलिस ने पिस्तौल के साथ आरोपित कोमल यादव को गिरफ्तार किया। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती का जीजा जबरन उससे शादी करना चाहता था जब उसने शादी से इन्कार किया तो उसे गोली मार दी। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया मामले की जाच की जा रही है।