विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Shoot Out in Bihar: बेगूसराय शूट आउट के अपराधी पकड़े गए? बिहार पुल‍िस के एडीजी ने दी अहम जानकारी

By Shubh Narayan PathakEdited By:
Published: Wed, 14 Sep 2022 12:43 PM (IST)Updated: Wed, 14 Sep 2022 03:01 PM (IST)

Bihar Begusarai Shoot Out Case बिहार के बेगूसराय जिले में मंगलवार की शाम हुए गोली कांड के बाद पुलिस ने ...और पढ़ें

बिहार के बेगूसराय जिले में गोली कांड के बाद पुलिस तत्‍पर। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर
बिहार के बेगूसराय जिले में गोली कांड के बाद पुलिस तत्‍पर। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, जागरण टीम। Shoot Out in Begusarai: बिहार के बेगूसराय जिले में मंगलवार की शाम हुए गोलीकांड ने कई सवाल छोड़े हैं। जिले के सात अलग-अलग स्‍थानों पर मंगलवार को 12 लोगों को गोली मार दी गई। बाइक पर सवार दो अपराधियों ने जिले में घूम-घूमकर अलग-अलग जगहों पर कुल 11 लोगों को गोली मारी, जिनमें एक शख्‍स की मौत हो गई। इसके अलावा अन्‍य घटनाक्रम में आपसी विवाद में एक शख्‍स को गोली मार दी गई। इस पूरे घटनाक्रम के बीच समस्‍तीपुर जिले में बेगूसराय के रहने वाले दो लोगों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। बिहार पुलिस के एडीजी मुख्‍यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने कुछ संदिग्‍ध लोगों को ह‍िरासत में लिए जाने की पुष्‍ट‍ि की है।

ये भी पढ़ें, Bihar News: बेगूसराय शूटआउट के विरोध में भाजपा का बंद, सड़कों पर सन्‍नाटा; गिरिराज सिंह ने दी खुली चेतावनी

मंगलवार की शाम पांच बजे शुरू हुआ यह सिलसिला 

बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र में शाम पांच बजे के करीब दो लोगों को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी और भाग निकले। जब तक लोग कुछ समझ पाते, ठीक 10 से 15 मिनट बाद तेघड़ा थाना क्षेत्र में भी दो लोगों को गोली मारे जाने की खबर आ गई। इसके बाद फुलवड़‍िया और चकिया ओपी के इलाके में क्रमश: दो और पांच लोगों को गोली मार दी गई। यह पूरा घटनाक्रम लगभग पौन घंटे तक चला। इस दौरान केवल सड़क से गुजर रहे राहगीरों को गोली मारी गई। बाइक सवार बदमाश सड़क से गुजरते हुए करीब 30 किलोमीटर का सफर तय कर गए, लेकिन कही किसी ने उन्‍हें रोकने-टोकने की कोशिश नहीं की। नेशनल हाइवे तक पर पुलिस ने उन्‍हें नहीं रोका।

ये भी पढ़ें, Bihar News: साइको किलर का तांडव! खौफ के 46 मिनट, एचएफ डीलक्‍स बाइक पर थे बेगूसराय के सनकी युवक

बेगूसराय शूट आउट की टाइमलाइन 

  • मंगलवार शाम 05:00 बजे - बछवाड़ा थाना क्षेत्र में नीतीश कुमार नाम के शख्‍स को गोली मारी
  • मंगलवार शाम 05:03 बजे - बछवाड़ा क्षेत्र में ही गौतम कुमार को गोली मारी
  • मंगलवार शाम 05:15 बजे - तेघड़ा थाना क्षेत्र के आधारपुर गांव के पास विशाल सोलंकी को गोली मारी 
  • मंगलवार शाम 5:20 बजे - तेघड़ा थाना क्षेत्र के अयोध्या चौक पर दीपक कुमार को गोली मारी
  • मंगलवार शाम 5:30 बजे - फुलवडिय़ा थाना के बगडराहाडीह गांव के पास रोहित कुमार को गोली मारी
  • मंगलवार शाम 5:34 बजे - फुलवड़‍िया के पीपरा देवस के पास चंदन कुमार की गोली लगने से मौत 
  • मंगलवार शाम 5:40 बजे - चकिया ओपी के मल्हीपुर गांव में जितो पासवान जख्मी
  • मंगलवार शाम 5:41 बजे - मल्हीपुर गांव के पास अभिषेक कुमार जख्मी 
  • मंगलवार शाम 5:46 बजे - थर्मल पावर स्‍टेशन के पास भरत यादव, प्रशांत कुमार रजक और रंजीत यादव  जख्मी 
  • मंगलवार की शाम - एसपी ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाईं
  • मंगलवार की शाम - बिहार पुलिस मुख्‍यालय ने आसपास के जिलों को किया अलर्ट 
  • मंगलवार की शाम - भाजपा ने किया बेगूसराय बंद का आह्वान
  • मंगलवार की शाम - भाजपा की ओर से गिरिराज सिंह, अश्‍व‍िनी चौबे, सुशील कुमार मोदी, रजनीश कुमार, विजय कुमार सिन्‍हा आदि नेताओं ने राज्‍य सरकार पर बोला हमला। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार से मांगा इस्‍तीफा। 
  • मंगलवार की रात 09:45 बजे - समस्‍तीपुर के उजियारपुर में पकड़े गए दो संदिग्‍ध
  • बुधवार की सुबह - भाजपा के नेता और कार्यकर्ता बेगूसराय के अलग-अलग इलाकों में धरना पर बैठे। सड़क जाम कर ठप कराया यातायात।
  • बुधवार की सुबह 11:00 बजे - बेगूसराय एसपी ने सात पुलिस वालों को किया निलंबित 

ये भी पढ़ें, अश्‍व‍िनी चौबे ने मांगा सीएम नीतीश कुमार का इस्‍तीफा, बेगूसराय की घटना पर गिरिराज और सुशील मोदी ने किया तीखा वार

देर से जगी पुलिस, दो दारोगा सहित सात सस्‍पेंड 

पुलिस को मामला समझने में ही वक्‍त लग गया। पुलिस की पैट्रोलिंग टीम अपराधियों के लगभग 30 किलोमीटर लंबे रूट पर कहीं भी उन्‍हें रोकने के लिए तत्‍पर नहीं दिखी। बेगूसराय के एसपी ने पुलिस गश्‍ती टीम की लापरवाही मानते हुए मामले में दो सब इंस्‍पेक्‍टर, दो सहायक सब इंस्‍पेक्‍टर सहित सात स्‍टाफ को सस्‍पेंड करते हुए लाइन हाजिर किया है। 

समस्‍तीपुर में पकड़े गए बदमाश कौन 

इस घटनाक्रम के दौरान अपराधियों के पटना की ओर भागने की सूचना सामने आई। बिहार पुलिस मुख्‍यालय ने पटना के साथ ही नालंदा, खगड़‍िया और समस्‍तीपुर आदि जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया। इसी बीच समस्तीपुर के उजियारपुर में रात के करीब पौने 10 बजे बाइक पर सवार दो संदिग्‍ध को पकड़ लिया। एनएच 28 पर बहिरा चौर के पास इन्‍हें पकड़ा गया। इनके पास पिस्टल और कारतूस की पूरी खेप मिली है। पुलिस अभी इस संबंध में अधिक जानकारी नहीं दे पा रही है। 

समस्‍तीपुर के डीएसपी ने दी अहम जानकारी

मिली जानकारी के अनुसार समस्‍तीपुर में पकड़े गए दोनों बदमाश बेगूसराय के ही रहने वाले हैं। ये दोनों अपना चेहरा ढंके हुए थे। इनकी उम्र 25 वर्ष के आसपास है। पुलिस इनसे पूछताछ कर सुराग हासिल करने में जुटी है। बेगूसराय में सीसीटीवी फुटेज में दिखी बाइक और अपराध‍ियों के कपड़े से भी मिलान करने की कोश‍िश हो रही है। समस्‍तीपुर जिले के दलसिंहसराय डीएसपी दिनेश कुमार पांडेय ने बुधवार की दोपहर कहा कि यहां पकड़े गए दोनों युवकों का बेगूसराय की घटना से कोई वास्‍ता नहीं है। 

एडीजी मुख्‍यालय ने कही बड़ी बात 

पुलिस मुख्यालय के एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने कहा है कि पुलिस गश्ती में लापरवाही बरती गई है।अपराधियों का मकसद  दहशत फैलाना हो सकता है। एसपी के स्तर से दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस मुख्यालय पूरे मामले पर नज़र बनाए हुए है। पुलिस की अलग टीमों ने जगह-जगह का सीसीटीवी फुटेज निकाला है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

इन पुल‍िस वालों पर गिरी गाज 

इस मामले में बेगूसराय के एसपी ने फुलवड़‍िया थाने के सब इंस्‍पेक्‍टर शशीभूषण सिंह, जीरो माइल ओपी के सब इंस्‍पेक्‍टर मुकरू हेम्ब्रम, चक‍िया ओपी के अस‍िस्‍टेंट सब इंस्‍पेक्‍टर विनोद प्रसाद, तेघड़ा थाना के असिस्‍टेंट सब इंस्‍पेक्‍टर कृष्ण कुमार, एफसीआइ ओपी के पीटीसी रमेन्द्र कुमार यादव, बरौनी थाना के पीटीसी संजय कुमार और बछवाड़ा थाना के पीटीसी रामकिशोर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस केन्द्र क्लोज किया गया है।