हमारे योद्धा: घरों में चूल्हा जलाने की शिवजी ने उठाई जिम्मेदारी, गलियों में घूम-घूमकर पहुुंचा रहे सिलेंडर
मुसीबत की इस घड़ी में अपनी जान की परवाह किये बगैर कुछ योद्धा लोगों की सेवा में लगे हैं। ऐसे ही एक शख्स हैं शिवजी। जानें कैसे वो जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं।
पटना, जेएनएन। देश इस समय कोरोना संक्रमण के डर से अपने घरों में परिवार के साथ कैद हैं। राजधानी पटना ही नहीं पूरी दुनिया में कोरोना लायरस ने कोहराम मचाया है। मुसीबत की इस घड़ी में अपनी जान की परवाह किये बगैर पुलिस कर्मी, निगम कर्मी, डॉक्टर, नर्स, गैस वेंडर, विद्युत कर्मी, डिलेवरी ब्यॉय अपनी ड्यूटी पर डटे हैं, जो हमारे लिए योद्धा बने हुए हैं। उन योद्धाओं में से एक हैं शास्त्री नगर में रहने वाले शिवजी साह।
साथ में रखते हैं सैनिटाइजर
शिवजी रोज सुबह आठ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक 25 से 30 घरों में रसोई गैस सिलेंडर पहुंचा रहे हैं। 55 साल के शिवजी साह पुनाईचक के कई गलियों में घूम-घूमकर लोगों के घर तक सिलेंडर पहुंचा रहे हैं। वो खुद की भी भरपूर सुरक्षा कर रहे हैं। मास्क पहने के साथ ही वे सैनिटाइजर भी रखते हैं। समय समय पर अपना हाथ भी धोते रहते हैं।
लोग जताते हैं आभार तो मिलती है तसल्ली
शिवजी समय-समय पर अपने हाथों को सैनिटाइज करते रहते हैं। वे कहते हैं कि पहले लोग घरों में सिलेंडर रखने के लिए कहते थे मगर अब लोग घर के बाहर ही सिलेंडर रखने को कहते हैं। साथ ही लोग मुझे अपना खयाल रखने के लिए भी कहते हैं। इस बीच कुछ ग्राहक आभार जताते हैं। हालांकि कड़ी धूप की वजह से थोड़ी परेशानी बढ़ गई है, मगर फिर भी गैस वेंडर अपनी ड्यूटी पर डटे हैं।
सिलेंडर डिलेवरी के साथ लोगों को करते हैं जागरुक
शिवजी खुद भी लोगों से अपील करते हैं कि आप घरों से बाहर ना निकलें। इसके साथ ही शिवजी जरूरत पड़ने पर पास की दुकानों से भी लोगों को सामान लाकर मुहैया करा देते हैं। शिवजी कहते हैं कि सरकार ने वायरस से बचाव के लिए लॉकडाउन लगा रखा है, इसका पालन करने वालों को जो भी परेशानी आएगी हम उनका साथ देंगे।