शत्रुघ्न सिन्हा ने खोला जवानी का राज, बताया- खतरे में पड़ गई थी दोस्त की लव लाइफ
बॉलीवुड स्टार व पटना के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि जवानी के दिनों में पहलाज निहलानी की गर्लफेंड (अब वाइफ) उनकी फैन थीं। उनके ऑटोग्राफ लेने से पहलाज नाराज हो गए थे।
पटना [जेएनएन]। 'द कपिल शर्मा शो' में मेहमान बॉलीवुड स्टार व बिहार के पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने जवानी के दिनों का एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनके कारण कैसे दोस्त पहलाज निहलानी की लव लाइफ में भूचाल आ गया था। तब पहलाज का उनकी गर्लफ्रेंड (अब वाइफ) से ब्रेकअप होते-होते बचा था।
विदित हो कि कपिल शर्मा के इस शो में सलमान खान, सोहेल खान, अरबाज़ खान व उनके पिता सलीम खान तथा 'सिंबा' स्टार्स शिरकत कर चुके हैं। आगे शो में शत्रुघ्न सिन्हा अपनी पत्नी पूनम सिन्हा तथा बेटे लव के साथ नजर आनेवाले हैं।
शत्रुघ्न के कारण पहलाज निहलानी का हुआ था गर्लफ्रेंड से झगड़ा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शो में कपिल शर्मा ने शत्रुघ्न सिन्हा से उनके फीमेल फैन्स के बारे में पूछा। इस दौरान उन्होंने अपने दोस्त व सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी को लेकर बड़ा खुलासा किया। बताया कि पहलाज की गर्लफ्रेंड (अब वाइफ) उन दिनों उनकी फैन थीं। एक दिन उन्होंने उनसे (शत्रुघ्न सिन्हा से) ऑटोग्राफ ले लिया। इसके बाद पहलाज नाराज हो गए। उन्होंने गर्लफ्रेंड से सवाल किया कि आखिर उसने एक विलन का ऑटोग्राफ क्यों लिया? दोनों के बीच करीब छह महीने तक बातचीत बंद रही।
ऐसे बेटों का नाम पड़ा लव-कुश, बेटी को ले भी कही ये बात
शत्रुघ्न सिन्हा ने उनके जुड़वां बेटों लव और कुश के नामकरण का भी खुलासा किया। बताया कि वे चार भाइयों के नाम राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न रखे गये थे। घर में जब जुड़वां बेटे आए तो अभिनेता मनोज कुमार ने सुझाव दिया कि बच्चों के नाम लव और कुश रखें। इस तरह रामायण के लव और कुश भी आ गए। बेटी सोनाक्षी को लेकर उन्होंने एक खुलासा किया। कहा कि उन्होंने अपना पहला ऑटोग्राफ बेटी सोनाक्षी का लिया था।