Move to Jagran APP

सलमान खान की सुपरहिट फिल्‍म में गाने के लिए मिले थे महज 76 रुपये, गैंग्‍स आफ वासेपुर से भी मचाई धूम

Happy Birthday Sharda Sinha बिहार की लोकगायिका शारदा सिन्‍हा का आज जन्‍मदिन है। इनकी आवाज बिहार से लेकर देश-दुनिया में गूंजती है तो लोगों को अपनी माटी की सोंधी खुशबू का अहसास होता है। शादी से लेकर पर्व तक में इनके गाने तो अनिवार्य से हो गए हैं।

By Vyas ChandraEdited By: Published: Sat, 01 Oct 2022 11:54 AM (IST)Updated: Sat, 01 Oct 2022 11:54 AM (IST)
सलमान खान की सुपरहिट फिल्‍म में गाने के लिए मिले थे महज 76 रुपये, गैंग्‍स आफ वासेपुर से भी मचाई धूम
Happy Birthday Sharda Sinha: शारदा सिन्‍हा की आवाज में माटी की खुशबू। जागरण आर्काइव

पटना, आनलाइन डेस्‍क। Happy Birthday Sharda Sinha: बिहार कोकिला के नाम से मशहूर शारदा सिन्‍हा का आज जन्‍मदिन है। यह वह नाम है जो हर बिहारी की जुबां पर तैरता है। चाहे बात शादी की हो या महापर्व छठ की। इनके गीतों के बिना आयोजन अधूरा माना जाता है। इनकी आवाज ही माहौल बना देती है। यूं कहें कि शारदा सिन्‍हा बिहार के उत्‍सव से लेकर तक पूजा तक में पूरक बन गई हैं तो अतिश्‍योक्ति नहीं होगी। हिंदी, मैथिली, भोजपुरी, बज्जिका भाषाओं में कई सदाबहार गीत गाने वालीं इस लोकगायिका को भारत सरकार ने पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्‍मा‍नित किया है। आज उनके जन्‍मदिन पर हम उन्‍हें शुभकामनाएं देते हैं। 

loksabha election banner

(गाने की रिकार्डिंग करतीं शारदा सिन्‍हा।)

बचपन से ही रही संगीत में रुचि 

एक अक्‍टूबर 1952 को इनका जन्‍म बिहार के सुपौल जिले में हुआ था। पिता सुखदेव ठाकुर शिक्षा विभाग में अधिकारी थे। वे संगीत प्रेमी थे। शारदा सिन्‍हा की बचपन से ही संगीत के प्र‍ति गहरी रु‍चि रही। पिता ने उनकी लगन देखकर भारतीय नृत्‍य कला केंद्र में प्रवेश दिला दिया। संगीत के साथ उन्‍होंने स्‍नातक भी कर ली। इसके बाद राजनी‍तिशास्‍त्र के प्राध्‍यापक डा. बृजकिशोर सिन्‍हा से इनकी शादी हो गई। शारदा सिन्‍हा ने अलग-अलग इंटरव्‍यू में बताया है कि ससुराल में सभी तो चाहते थे कि शारदा गीत गाएं ले‍किन सासू मां खिलाफ थीं। उनका कहना था कि बहू यहां-वहां गाने नहीं जाएंगी। यहां तक की गांव की ठाकुरबाड़ी में भी गाने से  मना दिया। मायूसी हुई ले‍किन एक दिन ऐसा हुआ कि इन्‍हें ठाकुरबाड़ी में गाने का मौका मिल ही गया। समय बीतने के साथ सासू जी भी मान गईं। 

1971 में एचएमवी ने रिकार्ड किए गाने 

शारदा सिन्‍हा के संगीतमय जीवन में बड़ा बदलाव 1971 में आया। उन्‍होंने बताया है कि एचएमवी ने प्र‍तिभा खोज प्र‍तियोगिता आयो‍जित की। पति के साथ आडिशन देने लखनऊ गईं। ले‍किन वहां भी बाधा खड़ी थी। ट्रेन पहुंचने में देर तो हुई ही, आडिशन वाले जगह पर धक्‍का-मुक्‍की भी काफी थी। आडिशन दिया ले‍किन एचएमवी के रिकार्डिंग मैनेजर जहीर अहमद ने किसी को सेलेक्‍ट नहीं किया। लेकिन पति ने पूरे विश्‍वास से जहीर अहमद से दोबारा टेस्‍ट लेने का आग्रह किया। उन्‍होंने गाया, यौ दुलरुआ भैया...। यह संयोग था कि इसी क्रम में एचएमवी के एक बड़े अधि‍कारी वहां पहुंचे। आवाज सुनते ही उन्‍होंने कहा कि, इनके गाने रिकार्ड करिए। गाने रिकार्ड हुए तो फिर पीछे मुड़कर देखना नहीं पड़ा। उनके गाने गांव-गांव, घर-घर में गूंजने लगे। 

कहे तोसे सजना,तोहरी सजनिया 

हिंदी में हालांकि उन्‍होंने गिने चुने गाने ही गाए हैं, लेकिन वे सभी सुपरहिट हैं। बालीवुड स्‍टार सलमान खान (Bollywood Actor Salman Khan) की चर्चित फिल्‍म मैंने प्‍यार किया (Maine Pyar Kiya) का, कहे तोसे सजना तोहरी सजनिया, आज के युवाओं की भी पसंद हैं। सलमान की दूसरी सुपरहिट फिल्‍म हम आपके हैं कौन (Hum Aapke Hain Kaun) का गाना, बाबुल जो तूने सिखाया भी काफी लोकप्रिय गाना है। हाल के दिनों में चर्चित फिल्‍म गैंग्‍स आफ वासेपुर (Gangs of Wasseypur) का तार बिजली से पतले हमारे पिया भी लोगों की जुबान पर चढ़ गए। वेबसीरीज महारानी में निरमोहिया गाना भी खूब पसंद किया गया। 

शारदा सिन्‍हा के चर्चित गाने 

  • रामजी से पूछे जनकपुर के नारी 
  • केलवा के पात पर उगेलन सुरज देव 
  • कांचह‍ि बांस के बहंग‍िया 
  • आन दिन उगइ छ हो दीनानाथ 
  • कहे तोसे सजना तोहरी सजनिया 
  • बाबुल जो तूने सिखाया जो तुमसे पाया 
  • तार बिजली से पतले हमारे पिया 
  • निरमोहिया 

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.