शराबबंदी के नाम पर गरीबों को प्रताडि़त करना बंद करे सरकार: शारदा राठौर
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शारदा राठौर ने कहा कि बिहार सरकार शराबबंदी के नाम पर गरीबों को प्रताडि़त करना बंद करे।
पटना [राज्य ब्यूरो]। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार प्रभारी शारदा राठौर ने कहा कि अब स्थानीय मुद्दों पर महिलाओं को न केवल मुखर करेगी बल्कि उन्हें गोलबंद करके बिहार में एक सशक्त आंदोलन खड़ा करेगी। इसके लिए महिला कांग्रेस को प्रखंड और पंचायत स्तर पर मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में शराबबंदी के नाम पर गरीबों को प्रताडि़त किए जाने के खिलाफ महिलाओं को गोलबंद किया जाएगा।
बिहार महिला कांग्रेस की प्रभारी नियुक्त होने के बाद पहली बार यहां आईं शारदा राठौर ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ सीबीआइ, आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल बतौर हथियार के रूप में कर रही है। यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।
शारदा राठौर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला किया और कहा कि बिहार में शराबबंदी के नाम पर गरीबों और दलितों पर अत्याचार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रविवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल भी पटना आ रहे हैं। अब प्रदेश कांग्रेस और प्रदेश महिला कांग्रेस आपस में तालमेल बिठाकर अपने राजनीतिक कार्यक्रम तय करेगी।