पटना के मोकामा टाल में डबल मर्डर से सनसनी, दो महादलित युवकों का कुचला सिर
मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र के टाल में शुक्रवार की रात दो महादलित युवकों की ईट-पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी गई।
पटना, जेएनएन। चौथे लॉकडाउन की समाप्ती से ठीक पहले बिहार की राजधानी में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र के टाल में शुक्रवार की रात दो महादलित युवकों की ईट-पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान रामनगर गांव निवासी संजय मांझी के पुत्र गोलू मांझी (19) व गणेश मांझी के पुत्र सोल्जर मांझी (18) के रूप में हुई है। दोनों का शव गांव से करीब एक किमी दूर पूरब की ओर पाया गया। एएसपी अमरीश राहुल ने दोहरे हत्याकांड की पुष्टि की है। दोनों की नृशंस हत्या किए जाने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर व ईंट पत्थर से कूचा सिर
वारदात की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने घोसवरी थाने का घेराव भी किया। बाद में वरीय पुलिस अधिकारियों के आने के बाद मामला शांत हुआ। बताया जाता है कि दोनों की हत्या शुक्रवार की रात लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर से कूचकर की गई। मृतकों के सिर व चेहरे इस बूरी तरह कूचे गए कि पहचानना मुश्किल हो रहा था। हत्या के बाद दोनों के शव को गांव से करीब एक किमी दूर फेंक दिया गया।
तीन लोगों के साथ घर से निकले थे युवक
स्वजनों ने बताया कि गोलू मांझी व गणेश मांझी शुक्रवार की शाम करीब सात बजे अपने तीन साथियों के साथ घर से निकले थे। पूरी रात जब घर वापस नहीं आए तो खोजबीन शुरू की गई। इस दौरान गांव के पास एक गड्ढे में दोनों का सिर कुचला हुआ शव मिला। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर तक शवों को उठने नहीं दिया गया। सूचना मिलने पर एएसपी जब घटनास्थल पहुंचे तब मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ग्रामीणों का कहना था कि घटनास्थल घोसवरी थाने से महज 200 गज की दूरी पर है। ऐसे में पुलिस को भनक कैसे नहीं लगी?