प्रेमिका को दूसरे लड़के के साथ देख बीच सड़क पर निकाल ली पिस्टल, जानें फिर क्या हुआ Patna News
पटना में शुक्रवार को बीच सड़क पर जमकर हंगामा हुआ। प्रेमिका को दूसरे लड़के के साथ देखकर युवक आग बबूला हो गया और सड़क पर पिस्टल निकाल ली।
पटना, जेएनएन। कंकड़बाग थाना क्षेत्र के लोहिया पार्क में शुक्रवार की रात प्रेमिका को दूसरे लड़के के साथ देखकर युवक ने पिस्टल निकाल ली। फिर क्या था, बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई। काफी देर तक हंगामा होता रहा। इस बीच तमाशबीन बने रहे लोग एक दूसरे से पूछते रहे कि आखिर माजरा है क्या? कुछ देर बाद सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को हिरासत में लेकर थाने चली आई।
थानाध्यक्ष अतुलेश कुमार सिंह ने बताया कि अमित राज के पास से गैर लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुई है। मामले की छानबीन की जा रही है। जानकारी के अनुसार, अमित राज का एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह अक्सर मारपीट और गैरकानूनी कार्यों में संलिप्त रहता था। इसलिए कुछ दिन से लड़की ने उससे बात करना बंद कर दिया था।
अमित लगातार लड़की के नंबर पर कॉल कर रहा था, लेकिन वह रिसीव नहीं कर रही थी। जब उसे मालूम हुआ कि वह किसी और लड़के के साथ लोहिया नगर पार्क में घूम रही है, तब अमित भी वहां आ धमका। दोनों पक्षों में झड़प हो गई, जिसके बाद अमित ने लड़की पर पिस्तौल तान दी। इतने में दूसरे लड़के ने उसे धक्का दे दिया और मारपीट करने लगे।