राजधानी में दुर्गापूजा के बाद ही खुलेंगे स्कूल व कोचिंग, अब दस के बाद चलेंगी कक्षाएं Patna News
राजधानी में हुई भारी बारिश के बाद जलजमाव से हो रही परेशानी को देखते हुए पटना के सभी स्कूल और कोचिंग दो दिन के लिए बदं कर दिए गए हैं। अब दुर्गा पूजा के बाद ही स्कूलों की घंटी बजेगी।
पटना, जेएनएन। भारी बारिश के कारण पटना के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हुए जलजमाव को देखते हुए सभी सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों को चार अक्टूबर तक बंदकर दिया गया है। जिलाधिकारी कुमार रवि ने बुधवार की दोपहर ये आदेश दिया।
दो दिन बढ़ा दीं गई छुट्टियां
जिलाधिकारी के आदेश के बाद अब दुर्गा पूजा के बाद ही स्कूल खुल सकेंगे। पहले चार अक्टूबर को कक्षाएं संचालित कर स्कूलों में दुर्गा पूजा की छुट्टिया होने वाली थीं। दो दिनों की छुट्टी के बाद अब दस अक्टूबर के बाद स्कूल खुलेंगे।
पदाधिकारियों को दिया आदेश
जिलाधिकारी ने कहा, चार अक्टूबर तक सभी सरकारी, निजी विद्यालयों व कोचिंग संस्थानों पर तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया गया है। आदेश का अनुपालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी व अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का पालन कराएं। जिलाधिकारी ने बताया कि जलजमाव के कारण बच्चों को स्कूलों में जाने में परेशानी होगी। उनके स्वास्थ्य का ख्याल रखना प्रशासन का मुख्य दायित्व है।
भारी बारिश से हुए बुरे हालात
गौरतलब हो कि राजधानी में तीन दिनों तक भारी बारिश हुई थी। जिसके कारण पूरा शहर जलमग्न हो गया है। इससे शहर के कई स्कूलों में पानी भर गया है, जो अभी तक जमा हुआ है। वहीं बारिश से सड़कों पर नाव चलने की स्थिति बन गई थी। जिसके कारण पटना से कई परिवार पलायन कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे।
इसके पहले भी बंद किए गए थे स्कूल
इसके पहले डीएम ने आदेश जारी करते हुए सोमवार और मंगलवार को भी शहर के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद करवा दिए थे। बारिश से सबसे बुरी स्थित पटना के राजेंद्र नगर इलाके की है। यहां छह फीट तक पानी भर गया था। यहां नाव के सहारे लोगों का आना-जाना हो रहा था। इसी तरह कंकड़बाग इलाके में भी काफी पानी जमा हो गया है।