विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Run for Green: पटना में रविवार सुबह 4 से 9 बजे तक ट्रैफिक में बदलाव, गांधी मैदान से दीघा तक पड़ेगा असर

Published: Sat, 24 Oct 2026 05:35 PM (IST)

पटना में पर्यावरण संरक्षण हेतु एसबीआई ग्रीन मैराथन 'रन फॉर ग्रीन' का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जेपी गंगा पथ ...और पढ़ें

जेपी गंगा पथ पर 25 अक्‍टूबर को बदली रहेगी यातायात व्‍यवस्‍था। फाइल

जेपी गंगा पथ पर 25 अक्‍टूबर को बदली रहेगी यातायात व्‍यवस्‍था। फाइल

जागरण संवाददाता, पटना। पटना में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार को एसबीआइ ग्रीन मैराथन के तहत रन फाॅर ग्रीन (SBI Green Marathon) का आयोजन किया जाएगा।

मैराथन सुबह चार बजे से नौ बजे तक निर्धारित जेपी गंगा पथ पर होगी। आयोजन में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पटना यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।

इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि मैराथन सुचारु रूप से संपन्न हो और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।

गांधी मैदान के एक नंबर गेट से शुरू होगा मैराथन 

मैराथन की शुरुआत गांधी मैदान के गेट नंबर-01 से होगी। यहां से प्रतिभागी चिल्ड्रेन पार्क स्थित आयुक्त कार्यालय के सामने से होते हुए मरीन ड्राइव के रास्ते जेपी गंगा पथ पर आगे बढ़ेंगे।

निर्धारित मार्ग के अनुसार दौड़ एलसीटी घाट और दीघा गोलंबर होते हुए अटल पथ पर शिवपुरी के पास तक जाएगी। इसके बाद प्रतिभागी यू-टर्न लेकर उसी मार्ग से वापस लौटेंगे और गांधी मैदान के गेट नंबर-01 के पास पहुंचकर मैराथन समाप्त करेंगे।

यातायात पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार मैराथन के दौरान जेपी गंगा पथ पर आयुक्त गोलंबर के सामने से दीघा गोलंबर तक दक्षिणी ब्लाॅक में सभी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। वहीं, दीघा गोलंबर से अटल पथ स्थित शिवपुरी तक पूर्वी लिंक पर भी सामान्य वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकेगी।

उत्तरी फ्लैंक से वाहनों की होगी आवाजाही

निर्धारित अवधि में आयुक्त कार्यालय के सामने से दीघा गोलंबर तक वाहनों का परिचालन एक ही लेन में उत्तरी दिशा की ओर होगा।

वहीं, दीघा गोलंबर से अटल पथ की ओर वाहनों को पश्चिमी लेन में एक ही लेन से गुजरना होगा। मैराथन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों और कवरेज के लिए पहुंचने वाले मीडिया कर्मियों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था गांधी मैदान के अंदर निर्धारित स्थान पर की गई है।