सासाराम में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा; सड़क जाम
सासाराम में प्रसव के बाद एक महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई, जिससे परिजनों ने निजी अस्पताल ...और पढ़ें

आक्रोशित परिजनों ने किया हंगामा
HighLights
सासाराम में प्रसव के बाद मां-नवजात की मौत।
परिजनों ने अस्पताल में लापरवाही का आरोप लगाया।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर सड़क जाम।
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम शहर में प्रसव के बाद एक महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत से परिजनों में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद शुक्रवार को परिजनों ने निजी अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।
उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में कराया गया था भर्ती
मृतका की पहचान सासाराम सदर प्रखंड के बनरसिया गांव निवासी निर्मला देवी (करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। उनके पिता का नाम जोगिंदर बिंद बताया गया है।
निर्मला के पति विकास प्रजापति दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिजनों के अनुसार, गुरुवार की रात प्रसव पीड़ा होने पर निर्मला को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
दूसरे अस्पताल में रेफर करने के बाद हुई मौत
परिजनों का कहना है कि महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें शहर के दूसरे निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। इसी अस्पताल में प्रसूता और नवजात की मौत हो गई।
हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और इलाज के दौरान किसी तरह की चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आक्रोशित परिजनों ने किया हंगामा, कार्रवाई की मांग
मां और नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों में नाराजगी फैल गई। परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए संबंधित चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मामले की जांच कराने और मुआवजा देने की मांग भी उठाई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
हंगामे और तनाव की सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया।
घटना से आक्रोशित लोगों द्वारा सड़क जाम किए जाने की भी सूचना है। मामले में आगे की कार्रवाई और मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
