विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM बनते ही सम्राट चौधरी ने रचा इतिहास, 59 साल बाद बने 2 बड़े रिकॉर्ड

Published: Wed, 15 Apr 2026 08:43 AM (IST)

सम्राट चौधरी 15 अप्रैल को बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जिससे दो महत्वपूर्ण रिकॉर्ड बने। वह बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने।

HighLights

  1. सम्राट चौधरी बिहार के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बने।

  2. 59 साल बाद उपमुख्यमंत्री से मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड।

  3. कर्पूरी ठाकुर के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे।

राज्य ब्यूरो, पटना। Samrat Chaudhary: बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में बुधवार (15 अप्रैल) को शपथ लेते ही सम्राट चौधरी ने कई अहम राजनीतिक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया।

सबसे बड़ा रिकॉर्ड यह हुआ कि वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बिहार में पहले मुख्यमंत्री बने। इसके अलावा, उप मुख्यमंत्री के पद से सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने वाले वे राज्य के गिने-चुने नेताओं में शामिल हो गए।

1967 में कर्पूरी बने थे मुख्‍यमंत्री 

करीब 59 वर्षों बाद उन्‍होंने इस उपलब्धि को दोहराया। इससे पहले 1967 में उप मुख्यमंत्री बने जननायक कर्पूरी ठाकुर ने 1977 में मुख्यमंत्री पद संभाला था।

भाजपा के राज्यसभा सदस्य डॉ. भीम सिंह के अनुसार, बिहार की राजनीति में उप मुख्यमंत्री का पद हमेशा से सत्ता संतुलन का प्रतीक रहा है।

1957 में श्रीकृष्ण सिंह की सरकार में पहली बार यह पद बनाया गया था, जब अनुग्रह नारायण सिन्हा को उप मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था।

तब से अब तक लगभग 10 नेता इस पद पर रह चुके हैं, लेकिन कर्पूरी ठाकुर ही ऐसे नेता थे, जो आगे चलकर मुख्यमंत्री बने। अब सम्राट चौधरी इस सूची में दूसरा नाम जोड़ने जा रहे हैं।

नीतीश युग में उप मुख्यमंत्रियों की भरमार

नीतीश कुमार के दो दशक लंबे राजनीतिक दौर में बिहार में सबसे अधिक उप मुख्यमंत्री बनाए गए। इस सूची में सुशील कुमार मोदी, तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, तेजस्वी यादव, विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी जैसे नाम शामिल हैं।

इनमें सुशील कुमार मोदी का कार्यकाल (2005–2013) सबसे लंबा रहा, लेकिन वे भी मुख्यमंत्री पद तक नहीं पहुंच सके।