यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस थी जमीरा में, ऐप दिखा रहा था सचिवालय हाल्ट पर, चकरा गए पटना के यात्री
संपूर्ण क्रांति के यात्रियों व उनके परिजनों को ऐसी परेशानी से दो चार होना पड़ा। गुरुवार को नई दिल्ली से ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पटना। रेलवे की वेबसाइट पर कई बार ट्रेनों की सही जानकारी नहीं मिलती है। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। शुक्रवार को संपूर्ण क्रांति के यात्रियों व उनके परिजनों को ऐसी परेशानी से दो चार होना पड़ा। गुरुवार को नई दिल्ली से ठीक 17.30 बजे राजेन्द्र नगर टर्मिनल आने वाली 02394 संपूर्ण क्रांति खुल गई थी। यह निर्धारित समय पर कानपुर पहुंची पर डीडीयू आते-आते यह लगभग आधे घंटे लेट हो गई। ट्रेन बक्सर तक पहुंचते-पहुंचते एक घंटे लेट हो गई।
यात्रियों के परिजन आनन-फानन में पटना जंक्शन पहुंचे
सबसे हैरत की बात तो यह देखने को मिली कि जिस समय ट्रेन (8.30 बजे) आरा जंक्शन से पहले जमीरा हाल्ट पर रुकी थी उस समय इंटरनेट व रेल ऐप पर इसे पटना जंक्शन से सटे सचिवालय हाल्ट पर दिखाया जा रहा था। ऐसे में कई यात्रियों के परिजन आनन-फानन में पटना जंक्शन पहुंच भी गए। परंतु यह ट्रेन लगभग 10 बजे पटना जंक्शन पहुंची। इंडियन रेलवे की अधिकृत साइट पर इसके पटना जंक्शन पहुंचने का सही समय दर्शाया जा रहा था।
ट्रैक को फ्रैक्चर वाले स्थान पर बदलने की कार्रवाई की जा रही
वहीं रेलवे अधिकारियों के अनुसार पटरी चटकने और कार्तिक स्नान की भीड़ ट्रेन लेट होने की मुख्य वजह थी। गुरुवार को दानापुर मंडल में पांच स्थानों पर रेल पटरी के चटखने की घटनाएं हुईं। ट्रैक को फ्रैक्चर वाले स्थान पर बदलने की कार्रवाई की जा रही है। इससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। गुरुवार की रात पटना जंक्शन से 9.15 बजे हटिया के लिए खुलने वाली 08623 हटिया एक्सप्रेस को देर रात लगभग दो बजे हटिया के लिए रवाना किया जा सका। बता दें कि ट्रेनों की समय की जानकारी देने वाले रेलवे के ऐप ऐसी परेशानियों से जुड़ी शिकायतें पहले भी आती रही हैं। कभी-कभी तकनीकी खराबी के कारण भी यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यात्री 139 काल करके गाड़ियों की टाइमिंग पता करते हैं।
