वाहन जांच के दौरान रणक्षेत्र बना एग्जीबिशन रोड चौराहा, वसूली का आरोप लगा पुलिस पर पथराव Patna News
एग्जीबिशन रोड पर गाड़ियों की चेकिंग के दौरान गुरुवार को पुलिस से बहस के बाद लोग उग्र हो गए। इस दौरान जवानों के ऊपर पत्थर बरसाए जाने लगे। मामले में कई लोगों को चोटें आई हैं।
पटना, जेएनएन। पटना में गुरुवार की दोपहर वाहन जांच के दौरान बवाल हो गया। एग्जीबिशन रोड पर गाड़ियों की चेकिंग के दौरान पुलिस से बहस के बाद लोग उग्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने अवैध वसूली का आरोप लगाकर पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी लाठीचार्ज करना पड़ा। मामले में गांधी मैदान पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
गुरुवार की दोपहर विशेष जांच अभियान के तहत एग्जीबिशन रोड चैराहे पर चेकिंग की जा रही थी। इसी बीच एक कार सवार महिला के साथ पुलिस के जवान उलझ गए। कुछ ही देर में काफी लोगों की भीड़ वहां इकट्ठा हो गई। बातचीत के दौरान लोग उग्र हो गए। पुलिस के ऊपर अवैध वसूली का आरोप लगाकर पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस ने अपने बचाव में भीड़ को खदेड़ दिया। हंगामा कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठियां भाजीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लाठीचार्ज के दौरान कई लोगों को चोटें आई हैं।