जदयू समर्थकों ने जहानाबाद में किसानों को पीटा, ललन सिंह के विरोध करने पर आया गुस्सा
जहानाबाद में नीतीश सरकार में शामिल मंत्री ललन सिंह के कार्यक्रम में दो गुट भिड़ गए। मामला इस कदर बढ़ गया कि दोनों गुटों के लोगों के बीच लाठियां चलने लगीं। जानें फिर क्या हुआ...
पटना/जहानाबाद [जेएनएन]। जहानाबाद में नीतीश सरकार में शामिल मंत्री ललन सिंह के कार्यक्रम में विरोध करने पहुंचे किसानों को जदयू समर्थकों ने बुरी तरह पीटा। बहस से शुरू हुआ मामला मारपीट में बदल गई। इसके बाद जदयू के समर्थकों ने प्रदर्शन करने आए किसानों पर लाठियां बरसाने लगे। इसमें चार लोग घायल हो गए हैं, जबकि कई लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। कहा जा रहा है कि मंत्री ललन सिंह का विरोध कर रहे किसानों को जदयू समर्थकों ने पीटा।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय स्थित अब्दुल बारी नगर भवन में रविवार को मंडई बीयर का उद्घाटन करने जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पहुंचे थे। उनके खिलाफ किसान प्रदर्शन करने पहुंच गए। वे जमकर नारेबाजी कर रहे थे। इससे आक्रोशित जदयू समर्थकों ने किसानों को प्रदर्शन करने से रोका। किसानों ने इसका विरोध किया। इसके बाद जदयू समर्थकों ने उन किसानों के साथ मारपीट की।
बताया जाता है कि मंत्री का काफिला नगर भवन में एंट्री करते ही 50-60 की संख्या में किसान पहुंच गए। वे सब किसान संघर्ष समिति के बैनर तले आए थे। मंत्री के खिलाफ वे लोग नारेबाजी कर रहे थे।
इतना ही नहीं, प्रदर्शन कर रहे किसान राज्य सरकार पर उपेक्षा किए जाने का आरोप लगा रहे थे। वहीं मारपीट की इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आई हैं। इसमें चार लोग घायल हो गए हैं। कइयों के सिर फट गये हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली है। हालांकि घटना को लेकर इलाके के किसानों में काफी नाराजगी है।