राजद विधायक के घर पर आधी रात में हमला, रोड़ेबाजी में कार क्षतिग्रस्त, फायरिंग भी
पटना स्थित राजद विधायक शक्ति सिंह यादव के घर पर बदमाशों ने रोड़ेबाजी की। घटना आधी रात की बतायी जाती है। जानकारी मिलते ही पुलिस आनन-फानन में पहुंची।
पटना [जेएनएन]। सूबे के राजधानी पटना में भी कोई सुरक्षित नहीं है। राजद विधायक शक्ति सिंह यादव के घर पर बदमाशों ने रोड़ेबाजी की। घटना आधी रात को हुई। बताया जाता है कि रोड़ेबाजी की इस घटना में राजद विधायक की कार क्षतिग्रस्त हो गई। विधायक के गार्ड ने फायरिंग का भी आरोप लगाया है। घटना के समय उनके घर पर बेटी की बर्थडे पार्टी चल रही थी।
उधर अचानक हुए हमले से घर के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दीघा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। हालांकि बदमाश फरार हो गए। विधायक के गार्ड ने गोली चलने की आवाज भी सुनी।
इस संबंध में राजद विधायक शक्ति सिंह यादव ने बताया कि उनकी कार का शीशा टूट गया है। जबकि, थानाध्यक्ष सुनील कुमार का कहना है कि विधायक के घर के बगल में संकरी सड़क है। टेंपो से सामान उतारा जा रहा था। तभी बाइक सवार वहां आ गया। रास्ता देने को लेकर दो पक्ष आपस में उलझ गए और रोड़ेबाजी कर दी, जिससे विधायक की कार क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि हालांकि गोली चलने का कोई पुख्ता प्रमाण नहीं मिला है। मामले की छानबीन की जा रही है।
बहरहाल बिहार में क्राइम का सिलसिला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। पटना भी इससे अछूता नहीं है। आम से लेकर खास तक के लोग अपराधियों व उपद्रवियों के निशाने पर आ रहे हैं। विधायक के घर पर आधी रात में हुए हमले व रोड़ेबाजी ने पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग पर सवाल उठाया है।