बिहार के दूसरे सबसे बड़े अस्पताल NMCH में लोगों का हंगामा, जूनियर डॉक्टर गये हड़ताल पर
नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NMCH) में हंगामा हो गया है। शनिवार को अपराह्न बाद मरीज के परिजनों ने जमकर हंगामा किया है। इसे लेकर जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं।
पटना, जेएनएन। बिहार और पटना के सबसे बड़े दूसरे अस्पताल नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NMCH) में हंगामा हो गया है। शनिवार को अपराह्न बाद मरीज के परिजनों ने जमकर हंगामा किया है। बताया जाता है कि मरीज की मौत के बाद गुस्साए परिजनों व अन्य लोगों ने मारपीट भी की है। इसके बाद जूनियर डाॅक्टर हड़ताल पर चले गए हैं। वहीं, मामले को बढ़ते देख अन्य मरीज वहां से पलायन कर रहे हैं। मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि नालंदा मेडिकल कॉलेज में शनिवार को 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इसके बाद मरीज के परिजन वहां के डॉक्टर से भिड़ गए। मृतक के परिजनों को अन्य लोगों ने भी साथ दिया। डॉक्टरों से झड़प के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया।
घटना के बाद नालंदा मेडिकल कॉलेज में तैनात जूनियर डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल कर दी है। वे खुद को इलाज से अलग कर लिये हैं। स्थिति को बिगड़ते देख काफी मरीज पलायन कर गए हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल अधीक्षक ने इमरजेंसी समेत अन्य विभागों में सीनियर डॉक्टरों की ड्यूटी लगा दी है। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।