गांधी सेतु पर ओवरटेक किया तो देना पड़ेगा 600 रुपये जुर्माना
महात्मा गांधी सेतु पर वाहन परिचालन की नई व्यवस्था की गई है। ओवरटेक का प्रयास करने वाले वाहनों और फुटपाथ पर बाइक चलाने वालों से छह सौ का जुर्माना वसूला जायेगा।
हाजीपुर [जेएनएन]। जर्जर महात्मा गांधी सेतु पर वाहन परिचालन की नई व्यवस्था की गई है। अब सेतु पर यदि वाहन चालकों ने ओवरटेक करने का प्रयास किया तो मौके पर ही छह सौ रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। गांधी सेतु के पाया नंबर एक पर अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद पटना के ट्रैफिक एसपी पीके दास ने इस नई व्यवस्था को गुरुवार से ही लागू कर दिया।
सेतु पर सुगम यातायात के लिए सोनपुर कम्युनिटी पुलिस के सौ सदस्यों को लगाया गया है। ये तीन शिफ्टों में गांधी सेतु पर ट्रैफिक को कंट्रोल करेंगे और वाहनों को अपनी लेन में चलने के लिए प्रेरित करेंगे।
फुटपाथ पर बाइक चलाने पर भी जुर्माना
हर कट प्वाइंट पर कम्युनिटी पुलिस के सदस्यों को तैनात किया गया है। सेतु के फुटपाथ पर बाइक चलाते पकड़े जाने पर छह सौ रुपये जुर्माना लगेगा। मॉनीटरिंग के लिए कम्युनिटी सदस्यों का वाट्सएप ग्रुप बनाया गया है।
सेतु टूटने से वाहनों का दबाव
गांधी सेतु के सुपर स्ट्रक्चर को तोडऩे का काम तेजी से चल रहा है। पहले एक से 12 नंबर पाया तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था थी। अब 24 नंबर पाया तक सेतु की पश्चिमी लेन का सुपर स्ट्रक्चर तोडऩे से वन-वे व्यवस्था है। इससे पूर्वी लेन पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
यदि कोई वाहन दूसरे को ओवरटेक करता है तो सेतु पर जाम लग जाता है। तीन दिन पहले ही चार घंटे तक जाम लगा रहा। इसके बाद वैशाली डीएम रचना पाटिल और एसपी राकेश कुमार ने गंगाब्रिज थाने पर अधिकारियों के साथ बैठक कर ट्रैफिक कंट्रोल की रणनीति बनाने के लिए पटना के ट्रैफिक एसपी को कहा था।