विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे करेगा 11 हजार से अधिक पदों पर बहाली, BPSC ने भी नौकरी के लिए युवाओं से मांगे आवेदन

Published: Thu, 14 May 2026 06:35 PM (IST)

RRB ALP Recruitment 2026: रेलवे भर्ती बोर्ड ने असिस्टेंट लोको पायलट के 11,127 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया ...और पढ़ें

असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती

असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती

जागरण संवाददाता, पटना।  रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के 11 हजार 127 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इच्छुक अभ्यर्थी 15 मई 2026 से 14 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रेलवे की इस भर्ती को युवाओं के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है।

आवेदन और फीस जमा करने की तिथि

आरआरबी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 जून तय की गई है। वहीं आवेदन पत्र में सुधार के लिए 17 जून से 26 जून तक का समय दिया जाएगा।

उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन भरते समय सभी जानकारी सही तरीके से दर्ज करें, ताकि बाद में परेशानी न हो।

7वें वेतन आयोग के तहत मिलेगा वेतन

चयनित अभ्यर्थियों को 7वें वेतन आयोग के तहत लेवल-2 के अनुसार शुरुआती वेतन 19,900 रुपये दिया जाएगा। इसके अलावा रेलवे के अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा।

रेलवे भर्ती बोर्ड ने कहा है कि चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को निर्धारित मेडिकल मानकों को भी पूरा करना होगा।

आयु सीमा और योग्यता

भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु 1 जुलाई 2026 तक 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

साथ ही उम्मीदवारों को ए-1 मेडिकल स्टैंडर्ड पूरा करना अनिवार्य होगा, क्योंकि यह पद रेलवे संचालन से जुड़ा महत्वपूर्ण पद माना जाता है।

आधिकारिक वेबसाइट से करें आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट RRB Official Website
के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों से कहा है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी सक्रिय रखें, ताकि सभी जरूरी सूचनाएं समय पर मिल सकें।

प्राचार्य और सह प्राध्यापक पदों के लिए दस्तावेज सत्यापन 8 जून से

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने प्राचार्य, सह प्राध्यापक और विभागाध्यक्ष पदों पर नियुक्ति के लिए दस्तावेज सत्यापन का एक और मौका दिया है। यह अवसर उन अभ्यर्थियों के लिए है, जो पहले आयोजित सत्यापन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे।

विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक, महिला पॉलिटेक्निक और अभियंत्रण महाविद्यालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए यह प्रक्रिया की जा रही है।

8 से 11 जून तक होगा सत्यापन

बीपीएससी ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 8 जून से 11 जून तक चलेगी। आयोग ने इसे अभ्यर्थियों के लिए अंतिम अवसर बताया है।

आयोग के अनुसार विस्तृत कार्यक्रम और आवश्यक दिशा-निर्देश बाद में आधिकारिक वेबसाइट BPSC Official Website
पर जारी किए जाएंगे।

सभी विज्ञापनों के लिए उपस्थित होना जरूरी

बीपीएससी ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक विज्ञापनों में शामिल है, तो उसे सभी संबंधित दस्तावेज सत्यापन कार्यक्रमों में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

आयोग ने उम्मीदवारों को समय पर दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने की सलाह दी है, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।