विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र, पटना में 275 को सरकारी नौकरी का मौका

Published: Sat, 19 Sep 2026 02:40 PM (IST)

केंद्र सरकार के 20वें रोजगार मेले के तहत देशभर में 51 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिसमें ...और पढ़ें

अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिला

अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिला

HighLights

  1. 20वें रोजगार मेले में देशभर में 51 हजार को नियुक्ति पत्र।

  2. पटना में 275 अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के विभागों में नौकरी।

  3. प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधित किया, नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी पर जोर।

जागरण संवाददाता, पटना। केंद्र सरकार के 20वें रोजगार मेले के तहत शनिवार को देशभर में 51 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। पटना के अधिवेशन भवन में आयोजित समारोह में 275 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिला। इनकी नियुक्ति केंद्र सरकार के 12 विभिन्न विभागों में हुई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम को संबोधित किया।

पटना में आयकर विभाग में सबसे ज्यादा चयन

पटना में नियुक्ति पाने वाले 275 अभ्यर्थियों में सबसे अधिक 93 का चयन आयकर विभाग में हुआ है। अन्य अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्ति मिली है।

कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ष 2022 से अब तक रोजगार मेले के माध्यम से करीब 12.75 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

छह माह में भी नियुक्ति मिलने का दावा

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पहले सरकारी नौकरी पाने में वर्षों लग जाते थे, लेकिन अब नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी आई है।

उन्होंने कहा कि कई मामलों में छह माह में भी युवाओं को नौकरी मिल रही है। उन्होंने युवाओं को देश की बड़ी ताकत बताते हुए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

युवा आबादी को रोजगार देना जरूरी

गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे युवा आबादी वाले देशों में है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष करीब दो करोड़ बच्चों का जन्म होता है और यह युवा आबादी देश की ताकत है।

उन्होंने सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए गरीबी दर और देश की अर्थव्यवस्था में हुए बदलाव की भी जानकारी दी।

रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता : राम कृपाल

सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही मधुबनी और दरभंगा में चीनी मिलें शुरू होंगी।

इसके लिए एमओयू भी हो चुका है। चीनी मिलों के शुरू होने से संबंधित क्षेत्रों में रोजगार के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

देश की अर्थव्यवस्था में युवाओं की भूमिका

कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और सरकारी नियुक्ति प्रक्रिया को तेज करने पर जोर दिया।

गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था दो ट्रिलियन डालर से बढ़कर 4.2 ट्रिलियन डालर हो गई है। कार्यक्रम में विधायक संजय कुमार गुप्ता और कुंदन कुमार ने भी संबोधित किया।