जलजमाव से परेशान नागरिकों ने छह घंटे सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
जलजमाव से परेशान नागरिकों ने हंगामा किया।
पटना सिटी। वार्ड 54 के आधा दर्जन कॉलोनियों में तीन सप्ताह बाद भी बारिश का पानी जमा है। इससे परेशान नागरिकों ने शनिवार को संदलपुर के समीप विकास कॉलोनी मोड़ के समीप सड़क जाम कर दिया और टायर जला प्रशासन व निगम के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित नागरिकों का कहना था कि तीन सप्ताह से जमा पानी अब काला पड़ चुका है। गंदगी सड़ रही है। दुर्गध के कारण जीना मुहाल हो गया है। मच्छरो का प्रकोप क्षेत्र में बढ़ गया है।
प्रदर्शन कर रहे नागरिक अपने मोहल्ले को डेंगू जोन बता रहे थे। इनका कहना है कि नगर निगम का इन इलाकों पर ध्यान नहीं है। यहां महामारी फैल रही है। सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना था कि जबतक निगम की ओर से जलजमाव दूर नहीं किया जाएगा तबतक वे सड़क जाम कर आंदोलन जारी रखेंगे।
सड़क जाम का नेतृत्व कर रहे पंकज कुशवाहा व राजेश कुमार ने बताया कि आदिवासी कॉलोनी, परशुराम कॉलोनी, विकास कालोनी समेत समीपवर्ती इलाकों में जमा पानी अब सड़ चुका है। निगम व प्रशासन के अधिकारी यहां के हालात को सुधार पाने में अब तक नाकाम हैं। कई लोग डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया, बुखार की चपेट में है। नागरिकों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि अजीमाबाद अंचल के क्षेत्रों में फॉगिग व छिड़काव भी ठीक से नहीं हो रहा है। फॉगिग के नाम पर केरोसिन वाला केवल धुआं उड़ाया जा रहा है। मच्छर व लार्वा को मारने के लिए संतुलित मात्रा में सही से गोल तैयार नहीं किया जा रहा है। नागरिकों द्वारा सड़क जाम कर हंगामा शुरू किए जाने के बाद पहुंची आलमगंज व बहादुरपुर पुलिस को भी नागरिकों का आक्रोश का सामना करना पड़ा। पुलिस की पहल पर चार बजे दिन में निगम से नाला उड़ाही के लिए जेसीबी मशीन पहुंची। इसके बाद छह घंटे से सड़क जाम करनेवाले नागरिक हटे। नागरिकों का कहना था कि मानसून से पूर्व कालोनी में नाला सफाई होता तो जलजमाव की समस्या नहीं होती। दो दिनों के अंदर जलजमाव नहीं हटा तो नागरिक पुन: आंदोलन को विवश होंगे।