छात्रा से छेड़खानी करने वाला आरोपित रोहतास से गिरफ्तार
एसकेपुरी थाने की पुलिस ने छात्रा से छेड़खानी करने वाले आरोपित धनंजय तिवारी को गिरफ्तार किया है।
पटना । एसकेपुरी थाने की पुलिस ने छात्रा से छेड़खानी करने वाले आरोपित धनंजय तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। एसकेपुरी थाने की पुलिस ने रोहतास जिले के चेनारी थाने के मथाई गांव स्थित पैतृक घर से उसे धर दबोचा। उसके खिलाफ सिवान की रहने वाली एक छात्रा ने एसकेपुरी थाने में छेड़खानी का मामला दर्ज कराया था। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी फजीहत हुई थी। छेड़खानी से तंग और पुलिस द्वारा मदद नहीं मिलने के कारण छात्रा बीच में ही पढ़ाई छोड़कर अपने घर चली गई थी।
दरअसल छात्रा पहले राजधानी के भिखना पहाड़ी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करती थी। इसी इलाके में धनंजय भी रहता था। दोनों एक ही कोचिंग में पढ़ाई करते थे। इस दौरान दोनों के बीच दोस्ती थी। वहां से लड़की एसकेपुरी थाना इलाके में रहने चली आई। लेकिन धनंजय वहीं पर रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी करने लगा। कोचिंग से पढ़ाई पूरी करने के बाद लड़की ने धनंजय से बात करनी बंद कर दी थी। परंतु धनंजय जबरन उससे दोस्ती बनाए रखना चाहता था। वह हमेशा एसके पुरी इलाके में आकर लड़की के आगे-पीछे करते रहता था। इसका वह विरोध करती थी। एक दिन धनंजय ने एसकेपुरी चिल्ड्रेन पार्क के पास उससे छेड़खानी की। किसी तरह लड़की ने खुद को उससे छुड़ाया एवं घटना की जानकारी अपने स्वजनों को दी। पिता पटना पहुंचे और बेटी को लेकर एसकेपुरी थाना गए और धनंजय के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
- - - - - - -