विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'RJD अब बचने वाली नहीं'; रोह‍िणी आचार्य के सवाल उठाने पर भड़के BJP नेता, बोले- ऑल इज नॉट वेल

Published: Sat, 12 Sep 2026 12:17 PM (IST)

राजद में विधान परिषद चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन पर लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य द्वारा सवाल उठाने के बाद अंदरूनी खींचतान सामने आई है।

मृत्‍युंजय त‍िवारी ने तेजस्‍वी यादव पर क‍िया तंज।

मृत्‍युंजय त‍िवारी ने तेजस्‍वी यादव पर क‍िया तंज।

HighLights

  1. रोहिणी आचार्य ने राजद के विधान परिषद टिकट वितरण पर सवाल उठाए।

  2. भाजपा ने राजद में अंदरूनी खींचतान को लेकर तीखा हमला बोला।

  3. मृत्युंजय तिवारी ने कहा, राजद में अब 'ऑल इज नॉट वेल'।

डिजिटल डेस्क, पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में विधान परिषद चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन को लेकर शुरू हुई अंदरूनी खींचतान अब राजनीतिक बयानबाजी में बदल गई है।

लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य द्वारा पार्टी के टिकट वितरण पर सवाल उठाए जाने के बाद भाजपा ने राजद पर हमला बोला है।

राजद छोड़कर भाजपा में आए मृत्युंजय तिवारी ने रोहिणी आचार्य के बयान का हवाला देते हुए कहा कि राजद में अब सबकुछ ठीक नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि पार्टी के भीतर ही अलग-अलग गुट एक-दूसरे पर सवाल खड़े कर रहे हैं और राजद की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। अब यह पार्टी बचने वाली नहीं है।  

'राजद में ऑल इज नॉट वेल'

मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि राजद की जो दुर्गति हुई है, उसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार हैं, यह सभी जानते हैं। इसके बावजूद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव उन लोगों से घिरे हुए हैं, जो उन्हें सही स्थिति से अवगत नहीं होने दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रोहिणी आचार्य का गुट हो या कोई दूसरा गुट, पार्टी के भीतर से ही सवाल उठ रहे हैं। उनके मुताबिक, तेजस्वी यादव ऐसे लोगों से घिरे हैं, जिन्होंने उनकी आंखों पर पट्टी बांध रखी है।

रोहिणी के बयान को बनाया मुद्दा

दरअसल, राजद ने विधान परिषद की आठ रिक्त होने वाली सीटों में से छह के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। प्रत्याशियों के चयन के बाद रोहिणी आचार्य ने एक्स पर पोस्ट कर पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाया।

उन्होंने वैचारिक निष्ठा और लंबे संघर्ष को दरकिनार कर चुनाव से ठीक पहले आए 'अवसरवादी चेहरों' को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। रोहिणी ने इसे समर्पित नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अनादर बताया।

उनके इस बयान के बाद राजद के भीतर टिकट वितरण को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। भाजपा अब इसी मुद्दे को लेकर राजद नेतृत्व पर निशाना साध रही है।

'सम्राट सरकार की ओर देख रही जनता'

मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि राजद अब बचने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार की ओर देख रही है।

उन्होंने कहा कि समृद्ध बिहार बनाने के संकल्प के साथ राज्य सरकार काम कर रही है और जनता का भरोसा सरकार के साथ है।

छह सीटों पर RJD ने उतारे प्रत्याशी

विधान परिषद चुनाव को लेकर राजद ने आठ रिक्त होने वाली सीटों में से छह पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। इनमें शिक्षक और स्नातक कोटे की सीटें शामिल हैं।

राजद के प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद जहां पार्टी चुनावी तैयारी में जुट गई है, वहीं रोहिणी आचार्य के बयान ने टिकट चयन को लेकर नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है।