सैदपुर नहर किनारे की सड़क हुई खतरनाक
सैदपुर नहर किनारे की सड़क हुई खतरनाक
पटना सिटी। सैदपुर-रामपुर नहर किनारे बसी आबादी के लिए नहर के उत्तर व दक्षिण की सड़क पर चलना खतरनाक हो गया है। इस पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। इसमें पानी भर जाने और कीचड़ से चलना मुश्किल हो गया है। वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होकर नहर में गिरने का खतरा बढ़ गया है। कई जगहों पर तो रास्ता ही बंद हो गया है। हजारों लोगों को मजबूरी में आवागमन के लिए बनवारी चौक, शाहगंज, मुसल्लहपुर हाट वैकल्पिक रास्ता का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। बीमार, बुजुर्ग व महिला को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। लोगों का समय भी बर्बाद हो रहा है। लोगों का कहना है कि सभी जगह इसकी शिकायत की लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई।
शनिचरा पुल से पश्चिम की ओर जाने के लिए रामपुर पुल तक मानो रोड ही नहीं है। एक से तीन फीट तक सड़क पर गड्ढा है। अत्यधिक कीचड़ के कारण वाहन का पहिया आगे नहीं बढ़ पाता है। कुछ जगहों पर लोगों ने मकान के कचरे से सड़क का गड्ढा भरने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। जगह-जगह रामपुर नहर का सुरक्षा घेरा भी ध्वस्त हो जाने से खतरा बढ़ गया है। बकरी मंडी रास्ते के उत्तर में ध्वस्त हुई सड़क को बल्ला लगाकर कर सुरक्षित करने का प्रयास किया गया है। इस समस्या को लेकर हमेशा से आवाज बुलंद करने वाले पाटलिपुत्र नगर विकास समिति के अध्यक्ष बब्लू कुमार ने बताया कि अजीमाबाद कॉलोनी के कई सेक्टर में बसी बड़ी आबादी, कासिम कॉलोनी, रामपुर रोड, शाहगंज, मारवाड़ी कॉलोनी, नंद नगर, रामकृष्णा कॉलोनी समेत अन्य मोहल्लों के लोग सर्वाधिक प्रभावित हैं।