नीतीश सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेगी RLSP, कुशवाहा ने बनाई पूरी टीम; देखें लिस्ट
रालोसपा की ओर से बिहार विधानसभा चुनाव 2020 को लेकर नीतीश सरकार के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही भूदेव चौधरी प्रदेश अध्यक्ष बने। पूरी कमेटी का किया गया गठन।
पटना, जेएनएन। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी की ओर से बिहार विधानसभा चुनाव 2020 को लेकर नीतीश सरकार के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत मंगलवार को रालोसपा सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इसे लेकर पूरे बिहार में जनसंवाद यात्रा श्रृंखला चलाने की बात कही है। इसकी तारीख भी निर्धारित कर दी गई है। 28 नवंबर से बिहार के पश्चिम चंपारण से जनसंवाद यात्रा की शुरुआत होगी।
इसके साथ ही लंबी खींच-तान के बाद रालोसपा की तमाम कमेटियों का गठन कर दिया गया है। पूर्व सांसद भूदेव चौधरी को फिर से रालोसपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। निर्मल कुशवाहा पार्टी के प्रधान महासचिव तथा जीतेंद्र नाथ अभियान समिति के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। नामों की घोषणा कुशवाहा ने खुद की है। इसके अलावा पार्टी में छह कार्यकारी अध्यक्ष, 10 प्रदेश उपाध्यक्ष तथा 23 प्रदेश महासचिव बनाए गए हैं। इसी तरह, किसान प्रकोष्ठ में सुभाष सिंह कुशवाहा, युवा प्रकोष्ठ में हिमांशु पटेल, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ में सुभाष चंद्रवंशी, महिला प्रकोष्ठ में मधु मंजरी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में मुस्ताक अहमद तथा सूचना तकनीकी प्रकोष्ठ में इंजीनियर रोशन राजा प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं।
रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने मीडिया से बात करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला। उन्हाेंने कहा कि नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने के लिए रालोसपा सड़क पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि देश में तेजी से बेरोजगारी बढ़ी है। बिहार में बेरोजगारी चरम पर है। बिहार के युवा रोजी-रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार के खिलाफ जनसंवाद यात्रा शुरू की जाएगी। यह यात्रा हर जिले में तीन दिन रहेगी और तीन मुद्दों पर लोगों से बात करेगी।
रालोसपा की गठित टीमों में देखें पदाधिकारियों की लिस्ट