विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कर्मों की मिल रही सजा, ईश्वर की लाठी में आवाज नहीं होती', अनंत सिंह पर JDU के एक्शन के बाद RJD का तंज

Published: Sun, 25 Oct 2026 10:16 PM (IST)

राजद ने 2024 में सत्ता के उलटफेर में दगा देने वाले विधायकों, जिनमें अनंत सिंह की पत्नी भी शामिल थीं, पर निशाना साधा है।

अनंत सिंह पर आरजेडी का तंज। (फाइल फोटो)

अनंत सिंह पर आरजेडी का तंज। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राजद ने 2024 के दगाबाज विधायकों पर निशाना साधा।

  2. अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी भी इसमें शामिल थीं।

  3. पार्टी ने कहा, विश्वासघातियों को मिल रही कर्मों की सजा।

राज्य ब्यूरो, पटना। वर्ष 2024 की जनवरी में सत्ता के उलटफेर में राजद के तीन विधायक दगा दे गए थे। उनमें अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी भी थीं।

अब जबकि जदयू में अनंत की कथा का अंत हो गया है, तो राजद को भी आईना दिखाने की सूझी है। अपने एक्स हैंडल पर पार्टी ने लिखा है कि ... को कर्मों की सजा मिल रही है।

इसी के साथ उसने उन लोगों की कथित बदतर स्थिति को उनके कुचक्र का प्रतिफल बताया है, जिन्होंने राजद को सत्ता से बेदखल करने में योगदान दिया था।

राजद ने लिखा है कि लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव ने सत्ता के लिए कभी किसी का अहित नहीं किया, अनैतिकता को कभी स्वीकार नहीं किया, जेल जाना स्वीकार किया, मीडिया ट्राइल फेस किया, सरकार गई, लेकिन कभी किसी का बुरा नहीं किया।

इसलिए तमाम षड्यंत्रों के बावजूद उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाया। तेजस्वी ने तीनों ... को विधानसभा में पानी-पानी करते हुए इनका भविष्य देखते हुए बहुत ही विनम्रता के साथ इन्हें समय का तकाजा याद दिलाया था।

2024 के विश्वास मत में राजद के साथ विश्वासघात करने वाले तीनों... की सजा का अभी एक चक्र ही पूरा हुआ है। तीनों अपने स्वजनों संग अपने-अपने तरीके से बिलबिला रहे है। ...करने और कराने वाले दोनों ही बेहाल हैं।

जिसने गठबंधन तोड़ा, जिन्होंने तुड़वाया और जिनकी सरकार बचाई, आज वे किस हाल और कहां हैं, सब जानते हैं! सोचिए! बुरे कर्म का बुरा परिणाम। ईश्वर की लाठी में आवाज नहीं होती।

यह भी पढ़ें- JDU से निकाले गए अनंत सिंह बनाएंगे पार्टी... 'छोटे सरकार' के बयान से बिहार में हलचल, नीतीश-निशांत पर भी खोले पत्ते