RJD के पोस्टर में CM नीतीश को बनाया रावण, तेजस्वी बोले- इसका समर्थन नहीं करता
बिहार में जारी पोस्टर वार में बीत बुधवार को राजद ने तेजस्वी यादव को राम तो सीएम नीतीश कुमार को रावण दर्शाता पोस्टर जारी किया। अब खुद तेजस्वी यादव ने इसपर प्रतिक्रिया दी है।
पटना [जेएनएन]। बिहार की राजनीति में इन दिनों होर्डिंग-पोस्टर वार हो रहा है। इसी क्रम में दुर्गा पूजा के दौरान बुधवार को पटना की सड़कों पर राजद की ओर से नीतीश कुमार को रावण तथा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को राम दिखाते पोस्टर लगाए गए। पोस्टर लगाए जाते ही इसपर विवाद शुरू हो गया। महागठबंधन में राजद के साथ शामिल कांग्रेस ने भी इसपर आपत्ति जताई। अब तेजस्वी ने भी ट्वीट कर खुद को इस पोस्टर से अलग करते हुए लिखा है कि वे इसका समर्थन नहीं करते।
तेजस्वी ने किया ये ट्वीट
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तथा राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया है कि वे ऐसी तस्वीरों का समर्थन नहीं करते। लेकिन नीतीश कुमार को भी यह सोचना होगा कि आज लोगों को उनपर इतना ग़ुस्सा क्यूं है? उन्हें अंतरात्मा से जवाब मांगना होगा। आत्ममंथन करना होगा कि उन्होंने जनता के साथ क्या-क्या वादाखिलाफी की है।
राजद के पोस्टर में थी ये बात
विदित हो कि पटना में लगाए गए राजद के कुछ पोस्टरों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को रावण के रूप में दिखाया गया। पोस्टर में तेजस्वी यादव को भगवान राम की भूमिका में दिखाया गया। पोस्टर राजद आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष आनन्द भगत द्वारा लगाए गए थे।
पोस्टर से मचा बवाल, कांग्रेस ने भी दर्ज की आपत्ति
संविधान बचाओ न्याय यात्रा के ठीक पहले दशहरा के मौके पर पटना में इस पोस्टर से राजनीतिक बवाल मच गया। राजद के इस पोस्टर पर कांग्रेस ने भी आपत्ति जताई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि नीतीश कुमार सिर्फ नेता नहीं, बिहार के मुख्यमंत्री भी हैं और मुख्यमंत्री को रावण दिखाना अनुचित है। कांग्रेस के सांसद अखिलेश सिंह ने भी कहा कि तेजस्वी राम हो सकते हैं, लेकिन किसी और को रावण दिखाना सही नहीं है।
राजद ने दी ये सफाई
इसपर राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि रावण अत्याचार का प्रतीक है। बिहार में अपराध, दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। हमने किसी व्यक्ति विशेष को टारगेट नही किया है, बल्कि सरकार को किया है। पोस्टर में राज्य की बदहाल स्थिति को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया गया है। गैंगरेप, हत्या, लूट व अपहरण जैसी घटनाओं के कारण राज्य आज राक्षसी राज का पर्याय बन चुका है। उसी को प्रतीकात्मक रूप से इस पोस्टर में दर्शाया गया है। इसे किसी व्यक्ति विशेष से जोडकर नहीं देखा जाना चाहिए।